HOMEराष्ट्रीय

RS Election महाराष्ट्र और हरियाणा में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की, कांग्रेस विधायक की क्रॉस वोटिंग

RS Election महाराष्ट्र और हरियाणा में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की

Rajyasabha Chunavराज्यसभा चुनाव में महाराष्ट्र और हरियाणा में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है।महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस गठबंधन को बड़ा झटका देते हुए भाजपा ने राज्यसभा की छह सीटों में से तीन पर जीत हासिल की। वहीं हरियाणा में कांग्रेस के अजय माकन को हार का मुंह देखना पड़ा। यहां बड़ा उलटफेर हुआ। कांग्रेस विधायक कुलदीप विश्नोई ने भाजपा के समर्थन में वोट किया। कांग्रेस के अजय माकन हार गए हैं। चुनाव में भाजपा के कृष्ण लाल पंवार और निर्दलीय कार्तिकेय शर्मा जीत गए हैं। यहां जानिए अन्य राज्यसभा सीटों का हाल

क्रॉस वोटिंग करने के बाद कांग्रेस विधायक कुलदीप विश्नोई ने शनिवार सुबह ट्वीट किया कि ‘मेरे पास सांप को मारने की क्षमता है, सांपों के डर से जंगल नहीं छोड़ूंगा। सुप्रभात’। सूत्रों के मुताबिक पार्टी बिश्नोई के खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार कर रही है।

महाराष्ट्र: पीयूष गोयल, अनिल बोंडे और धनंजय महादिक जीते

महाराष्ट्र में हार के बाद सत्तारूढ़ गठबंधन ने मतगणना में आठ घंटे की देरी पर सवाल उठाया। भाजपा के विजेताओं में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और राज्य के पूर्व मंत्री अनिल बोंडे और धनंजय महादिक शामिल हैं। इस चुनाव में शिवसेना के संजय राउत, राकांपा के प्रफुल्ल पटेल और कांग्रेस के इमरान प्रतापगढ़ी ने भी जीत हासिल की। 284 वैध मतों में से गोयल को 48, बोंडे को 48, महादिक को 41.56, राउत को 41, प्रतापगढ़ी को 44 और पटेल को 43 वोट मिले। मुकाबला छठी सीट के लिए था। भाजपा ने पूर्व सांसद धनंजय महादिक को मैदान में उतारा था और शिवसेना के उम्मीदवार संजय पवार थे, जो हार गए। महादिक और पवार पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर के रहने वाले हैं।

हरियाणा: कांग्रेस विधायक का वोट भाजपा को दिया वोट

हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव हुआ। कांग्रेस के कुलदीप बिश्नोई ने क्रास वोटिंग की। भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा, ‘उन्होंने (कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई) अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर खुलकर वोट किया है। मैं कह सकता हूं कि उन्हें पीएम मोदी की नीतियों और विचारधारा में विश्वास है। उन्होंने यह भी नहीं सोचा था कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ क्या करने जा रही है।’

    • राजस्थान में कांग्रेस ने तीन और भाजपा ने एक सीट जीती।
    • प्रमुख विजेताओं में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कांग्रेस नेता जयराम रमेश तथा रणदीप सुरजेवाला शामिल हैं।
    • कर्नाटक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण चुनाव जीत गई हैं। भाजपा के दो अन्य उम्मीदवार-जग्गेश और लहर सिंह सिरोया भी राज्यसभा पहुंचने में कामयाब रहे। कांग्रेस प्रत्याशी जयराम रमेश को भी निर्वाचित घोषित किया गया है।
    • जदएस विधायक के श्रीनिवास गौड़ा ने क्रास वोटिंग करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे।
    • राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक ट्वीट में पार्टी के तीन उम्मीदवारों-रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक और प्रमोद तिवारी के जीतने की बात कही। भाजपा के घनश्याम तिवाड़ी भी चुनाव जीत गए हैं। राजस्थान में क्रास वोटिंग के चलते भाजपा ने अपनी विधायक शोभारानी कुशवाह को निलंबित कर दिया है।
    • शोभारानी ने कांग्रेस के प्रमोद तिवारी को वोट दिया था। पार्टी ने उन्हें निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा को वोट देने के लिए कहा था। मीडिया दिग्गज सुभाष चंद्रा चुनाव हार गए हैं।

राज्यसभा चुनाव 2022

    • निर्विरोध निर्वाचित – 41
    • राजग – 17
    • संप्रग – 10
    • अन्य – 14

चार राज्यों के नतीजे

    • महाराष्ट्र (06 सीट): भाजपा – 03, अघाड़ी – 03
    • राजस्थान (04 सीट): कांग्रेस – 03, भाजपा – 01
    • कर्नाटक (04 सीट): भाजपा – 03, कांग्रेस – 01
    • हरियाणा (02 सीट): भाजपा – 01, निर्दलीय – 01

राज्यसभा की मौजूदा स्थिति

    • राजग – 106
    • संप्रग – 55
    • अन्य – 63
    • रिक्त/मनोनीत- 13
  • बहुमत के लिए जरूरी-123
Show More

Related Articles

Back to top button