HOMEMADHYAPRADESH

MP उपचुनाव में फिर शिवराज का जादू, चार में से तीन सीटों पर भाजपा की जीत

उपचुनाव में चला शिवराज का जादू, चार में से तीन सीटों पर भाजपा की जीत

भोपाल । प्रदेश में हुए एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों के उपचुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जादू चला। भाजपा ने खंडवा लोकसभा सीट सहित पृथ्वीपुर और जोबट (अनुसूचित जनजाति) जीत ली है। जोबट और पृथ्वीपुर कांग्रेस की परंपरागत सीटें रही हैं। वहीं, भाजपा को सतना जिले की रैगांव (अनुसूचित जाति) सीट पर नुकसान उठाना पड़ा। यहां कांग्रेस विजयी रही है। विधानसभा चुनाव 2023 से पहले हुए इस उपचुनाव में कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उपचुनाव में लगभग एक महीने तक जमकर चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने पांच स्थानों पर रात्रि विश्राम किया और 39 सभाएं ली थीं। कई जगह मुख्यमंत्री ने रोड शो भी किए थे। खंडवा लोकसभा सीट भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन से रिक्त हुई थी। इसी तरह रैगांव सीट भाजपा विधायक जुगलकिशोर बागरी, पृथ्वीपुर सीट कांग्रेस विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह और जोबट विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक कलावती भूरिया के निधन से रिक्त हुई थी। चारों सीटों पर उपचुनाव के परिणाम मंगलवार को घोषित हुए।

विधानसभा चुनाव 2018 में आदिवासी वोट बैंक में कांग्रेस की सेंध के कारण ही भाजपा को सत्ता से हाथ धोना पड़ा था, लेकिन मौजूदा उपचुनाव में आदिवासी सीट जोबट तो भाजपा ने जीती ही, साथ में खंडवा संसदीय सीट के तहत आने वाले चार आदिवासी विधानसभा क्षेत्रों में उसका यह वोट बैंक वापस आ गया।

 

इन प्रत्याशियों ने फहराया जीत का परचम

खंडवा लोकसभा सीट

भाजपा के ज्ञानेश्वर पाटील 82,140 वोटों से जीते फोटो भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटील ने 82,140 वोटों से जीत दर्ज कराई। पाटील को 6,32,455 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी राजनारायण सिंह को 5,50,315 वोट मिले। रैगांव विधानसभा सीटः कांग्रेस की कल्पना वर्मा 12245 मतों से विजयी फोटो सतना जिले की रैगांव विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी कल्पना वर्मा 12,290 मतों से विजयी हुईं। कल्पना वर्मा को 72,989 और भाजपा प्रत्याशी प्रतिमा बागरी को 60,669 मत मिले।

जोबट में भाजपा जीती, करीब चार प्रतिशत वोट नोटा को

आलीराजपुर जिले की अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित जोबट सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुलोचना रावत ने कांग्रेस के महेश पटेल को 6104 मतों से पराजित किया। महेश पटेल को 62,845 वोट मिले, सुलोचना रावत को 68,949 वोट मिले। यहां 5611 (3.82 प्रतिशत) मतदाताओं ने नोटा पर बटन दबाया।

 

पृथ्वीपुर में 15,687 वोटों से जीती भाजपा

निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा 15,687 वोटों से विजयी रही। भाजपा प्रत्याशी डा. शिशुपाल यादव को 82673 और कांग्रेस प्रत्याशी नितेंद्र सिंह राठौर को 66986 मत मिले। यहां 1741 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया।

परिणाम किसी चमत्कार से कम नहीं : शिवराज सिंह

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पृथ्वीपुर और जोबट सीट जीतना भारतीय जनता पार्टी के लिए नया इतिहास रचने जैसा है। पृथ्वीपुर में लोग कहते थे कि भाजपा यहां जीत ही नहीं सकती, फालतू मेहनत कर रही है। जन कल्याणकारी योजना लेकर लोगों के बीच पहुंचे, जनदर्शन किया। बसपा की अनुपस्थिति में भाजपा का इतने वोटों से जीतना अपने आप में चमत्कार से कम नहीं है। जोबट जीत के साथ जनजातीय भाई बहनों का विश्वास भाजपा के प्रति प्रकट हुआ है। जनता की बेहतर सेवा के लिए हम आए हैं, पूरी कर्तव्य निष्ठा के साथ जनता की सेवा करते रहेंगे। प्रधानमंत्री जी पधारेंगे तो खंडवा जोबट, पृथ्वीपुर की जीत उन्हें भेंट की जाएगी। जनता का प्यार और आशीर्वाद उनको भेंट किया जाएगा।

 

जनादेश का सम्मान है : कमल नाथ

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि हम जनादेश का सम्मान करते हैं और उसे स्वीकार भी करते हैं। उपचुनाव के इन परिणामों पर हम चिंतन-मनन और समीक्षा करेंगे। चुनाव में हमारा मुकाबला भाजपा के साथ उसके धनबल, प्रशासन के दुरुपयोग और सरकारी गुंडागर्दी से भी था। चुनाव में चौतरफा आतंक और भय का माहौल बनाया गया। झूठी घोषणाओं से मतदाताओं को गुमराह किया गया। हमारे पोलिंग एजेंटों को धमकाया गया । फिर भी एक सीट पर हमारी जीत हुई। जनता के हक की लड़ाई हम लड़ते रहेंगे और विपक्ष के दायित्वों को निभाते रहेंगे

Show More

Related Articles

Back to top button