Tuesday, October 27, 2026
Latest:
HOME

College Closed: 15 फरवरी तक यूनिवर्सिटी-कॉलेज बंद, आज मिले 26 हजार से ज्यादा नए मामले

College Closed कोरोना वायरस के नए और अधिक संक्रामक वैरिएंट ओमिक्रॉन और महामारी के मामलों में एक बार फिर तेजी आने के बीच महाराष्ट्र सरकार ने सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को बंद करने का फैसला लिया है। बुधवार को राज्य सरकार ने कहा कि ये शिक्षण संस्थान 15 फरवरी तक बंद रहेंगे। इस दौरान ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई होगी। सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में हॉस्टल भी बंद करने का निर्देश दिया गया है।

महाराष्ट्र सरकार ने पिछले साल तीन अक्तूबर को ऑफलाइन माध्यम से कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया था। इस दौरान उन्हीं छात्र-छात्राओं को आने की अनुमति दी गई थी जो टीके की दोनों खुराकें ले चुके हैं। लेकिन बीते दिनों कोरोना संक्रमण में आई तेजी के चलते प्रदेश सरकार ने फिर इन शिक्षण संस्थानों को बंद करने का कदम उठाया है। यह आदेश 15 फरवरी तक सभी सरकारी और निजी संस्थानों के लिए अनिवार्य होगा।

College Closed परीक्षा छूट गई तो फिर से दिया जाएगा मौका

राज्य के तकनीकी शिक्षा मंत्री उदय सामंत ने बताया कि 15 फरवरी तक पढ़ाई और परीक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से ही होंगी। अगर किसी कारण से कोई छात्र परीक्षा नहीं दे पाता है तो उसके लिए अलग से परीक्षा की व्यवस्था की जाएगी। इसे लेकर संबंधित अधिकारियों को नियम बनाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बता दें कि महाराष्ट्र और इसकी राजधानी मुंबई में कोरोना संक्रमण के मामले फिलहाल काफी तेज गति से बढ़ रहे हैं।

College Closedआज मिले कोरोना के 26 हजार से ज्यादा केस

महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना के 26,538 मामले दर्ज किए गए। इस दौरान आठ संक्रमितों की मौत हो गई। वहीं, 5331 मरीज ठीक हुए। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 87,505 हो गई है। यहां ओमिक्रॉन से संक्रमण के अब तक 757 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 330 ठीक हो चुके हैं। वहीं, मुंबई में 15,166 नए मामले मिले और तीन की मौत हुई। यहां पर सक्रिय मामलों की संख्या अब 61,923 हो गई है।

College Closed पूर्ण लॉकडाउन की जरूरत नहीं: स्वास्थ्य मंत्री

उधर, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा है कि अभी पूर्ण लॉकडाउन लगाने की जरूरत नहीं है। लेकिन, जहां भीड़ हो वहां प्रतिबंध लगाने चाहिए। राज्य की कोविड-19 टास्क फोर्स और स्वास्थ्य, योजना और वित्त विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद टोपे ने कहा कि मामले बढ़ रहे हैं लेकिन अच्छी बात यह है कि 90 फीसदी मामले बिना लक्षण वाले होते हैं। राज्य में पिछले दो हफ्ते से मामलों में तेज वृद्धि देखी गई है।

College Closed क्रूज जहाज से लौटे 143 लोग संक्रमित पाए गए

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि गोवा से मुंबई लौटे कॉर्डेलिया क्रूज जहाज पर सवार 1827 यात्रियों में से 143 संक्रमित पाए गए हैं। बीएमसी के कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मंगला गोमारे ने बताया कि नागरिक निकाय को जहाज पर सवार सभी 1827 यात्रियों की आरटी-पीसीआर परीक्षण रिपोर्ट मिली है, जो मंगलवार शाम को गोवा से मुंबई लौटे थे और उनमें से 143 संक्रमित मिले हैं।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp