जरा हट के

Shadi :बनने वाला था पति, बन गया जेठ: छोटा भाई ले गया दुल्हनिया

Shadi :

Shadi : आगरा में पहली पत्नी से तलाक लिए बगैर मोबाइल व्यापारी दूसरी शादी कर रहा था। जयमाला के बाद फेरे लेने की भी तैयारी हो चुकी थी। मगर, पहली पत्नी के परिजन पहुंच गए। इस पर हंगामा होने लगा। पुलिस दूल्हे को पकड़कर थाना ताजगंज ले आई। रातभर उसे हवालात में गुजारनी पड़ी। शुक्रवार सुबह उसका शांतिभंग में चालान किया। वहीं दूल्हे के छोटे भाई से दुल्हन की शादी करा दी गई।

ताजगंज क्षेत्र के रहने वाले मोबाइल व्यापारी की शादी 16 फरवरी 2012 को हुई थी। उसके एक बेटी भी है। आरोप के मुताबिक, सुसराल में उत्पीड़न होने पर व्यापारी की पत्नी ने 25 अक्तूबर 2017 को पति के खिलाफ महिला थाना में मुकदमा दर्ज कराया। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। युवती ने भरण पोषण के लिए भी वाद कर रखा है। दोनों का अभी तलाक नहीं हुआ है।

युवती के भाई ने पुलिस को बताया कि परिचितों से जानकारी मिली थी कि व्यापारी दूसरी शादी कर रहा है। एक होटल में बरात आई थी। लड़की पक्ष भी पास के ही गांव का था। इस पर वह लोग रात 11 बजे होटल पहुंच गए। तब तक जयमाला का कार्यक्रम हो चुका था। दूल्हा बना व्यापारी मंडप में फेरों के लिए बैठा था।

नहीं दिखा सका तलाक के कागजात

दूल्हे की हकीकत उन्होंने सभी के सामने रख दी। इस पर हंगामा होने लगा। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी गई। पीआरवी पहुंच गई। पुलिस ने पूछताछ की। तलाक के कागजात दिखाने को कहा। मगर, दूल्हा पक्ष नहीं दिखा सका। इस पर पुलिस दूल्हे को लेकर थाना ताजगंज आ गई। उसे हवालात में बंद कर दिया गया।

थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार बालियान ने बताया कि मामले में रात तक किसी तरह की लिखित शिकायत नहीं मिली। इस पर दूल्हे के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है। उसे पीआरवी पकड़कर थाने ले आई थी।

दूल्हे के भाई से हुई शादी

उधर, दूल्हे की हकीकत सामने आने पर दुल्हन के परिजनों ने भी हंगामा किया। उनका कहना था कि धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराएंगे। इस पर परिवार के लोगों ने बैठकर बात की। इसके बाद मोबाइल व्यापारी के भाई को दूल्हा बनाया गया। व्यापारी जिससे शादी कर रहा था, अब उसका जेठ बन गया।

कार्रवाई से संतुष्ट नहीं परिजन

व्यापारी की पत्नी के परिजनों का कहना था कि बिना तलाक लिए शादी कर रहा था। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए था। मगर, पुलिस ने ऐसा नहीं किया।

Show More

Related Articles

Back to top button