HOMEMADHYAPRADESH

MP में एक साल में एक लाख भर्ती का ऐलान : CM शिवराज ने सतना के रैगांव से की घोषणा

एक साल में एक लाख भर्ती का ऐलान : CM शिवराज ने सतना के रैगांव से की घोषणा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को जिले के रैगांव विधानसभा क्षेत्र के दौरे में पहुंचे। यहां उन्होंने रैगांव से कोठी तक जनदर्शन कार्यक्रम के तहत ग्रामीण जनता से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। जनदर्शन के पूर्व मुख्यमंत्री ने रैगांव व कोठी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने रैगांव व कोठी की झोली में कई सौगातें दीं।

एक साल में एक लाख भर्ती का ऐलान : जनसभा में पहुंचकर मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनका नमन किया। उन्होंने कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया। इस अवसर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जनदर्शन आमजनता से प्रेम से संवाद का अवसर है। जनता की तकलीफें दूर करने तथा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए मैं यहां आया हूं। स्व-सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार के नए अवसर दिए जाएंगे। एक जिला-एक उत्पाद योजना से भी रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। प्रदेश में अगले एक साल में एक लाख लोंगो की भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री ने 27 सितंबर को कोरोना टीकाकरण महाअभियान में वैक्सीन की डोज लगवाने लोगों से अपील भी की।

इन गांवों से गुजरे मुख्यमंत्री, सुनीं समस्याएं : रैगांव में आमसभा को संबोधित करने के उपरांत मुख्यमंत्री चौहान रथ में सवार होकर रैगांव, धौरहरा, इटमा, गोपालगंज, सेमरिया, करसरा, रकसेलवा, झाली, गोरइया, बरहना, दिदौंध एवं मौहार में जनदर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जनदर्शन करने के बाद शाम पांच बजे कोठी पहुंचे और आमसभा को संबोधित किया। गांव-गांव पहुंचे मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्या सुनीं और उनका निराकरण करने कलेक्टर को निर्देश दिए।

ये हुए शामिल : समारोह में सांसद गणेश सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया। उनके साथ ही जनसभा में वन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ कुंवर विजय शाह, खनिज एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, पिछड़ा वर्ग एवं अल्प संख्यक कल्याण राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल, पिछड़ा वर्ग के सदस्य एवं विधायक मउगंज प्रदीप पटेल, पूर्व मंत्री एवं विधायक रीवा राजेन्द्र शुक्ला, विधायक रामपुर बघेलान विक्रम सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुधा सिंह, राजेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी, विजय तिवारी, अजय प्रताप सिंह, रीवा संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी, एडीजी केपी व्यंकटेश्वर राव, कलेक्टर अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

15 दिन में दूसरी बार कार्यक्रम : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बीते 12 सितंबर को ही सतना के रैगांव विधानसभा क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में आए थे जहां व सभा के बाद रैली कर सिंहपुर पहुंचे थे। बीते 15 दिनों के अंदर मुख्यमंत्री की सतना के रैगांव विधानसभा क्षेत्र में यह दूसरा कार्यक्रम है जहां वे छह घंटे से भी अधिक का समय जनता को देंगे।

रैगांव विधानसभा का उपचुनाव : लंबे समय से रैगांव विधानसभा क्षेत्र के भाजपा से विधायक रहे प्रदेश के सबसे बुजुर्ग विधायक जुगुल किशोर बागरी का कोरोना व लंबी बीमारी के बाद बीते 10 मई को निधन हो गया था। इसके बाद से ही यह सीट खाली है। जहां विधानसभा उपचुनाव होना है लेकिन अब तक इसकी घोषणा नहीं हुई है। इसे लेकर अब सभी राजनीतिक दल क्षेत्र के लोगों को अपने-अपने तरीके से अपने पक्ष में करने में अभी से जुट गए हैं। सत्ताधारी और विपक्षी पार्टियां भी सभाएं और बैठकें कर पुरजोर तैयारियों में जुटी हुई है। मुख्यमंत्री द्वारा 15 दिन के अंदर दूसरी बार इस क्षेत्र में सभा, रैली व घोषणाओं को भी इसी तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

Show More

Related Articles

Back to top button