Thursday, October 22, 2026
Latest:
राष्ट्रीय

CBSE 12वीं के रिजल्‍ट से अंसतुष्‍ट स्‍टूडेंट्स 15 अगस्‍त से 15 सितंबर के बीच दे सकते हैं वैकल्पिक परीक्षा

CBSE के बारहवीं के मूल्यांकन और रिजल्ट से संतुष्ट न होने वाले छात्र वैकल्पिक परीक्षा दे सकते हैं। ये जानकारी सीबीएसई ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट को दी। अगर परिस्थितियां ठीक रहीं तो वैकल्पिक परीक्षा 15 अगस्त से 15 सितंबर के बीच होगी। वैकल्पिक लिखित परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए परीक्षा में मिले अंक ही अंतिम माने जाएंगे। सीबीएसई ने कोर्ट को बताया कि कोर्ट के सुझाव के मुताबिक मूल्यांकन नीति में ये चीजें शामिल कर दी गई हैं। बोर्ड ने कोर्ट को बताया कि बारहवीं का रिजल्ट 31 जुलाई तक घोषित कर दिया जाएगा। जो लोग रिजल्ट और मूल्यांकन से संतुष्ट नहीं होंगे वे वैकल्पिक परीक्षा दे सकते है। इस परीक्षा में शामिल होने वालों के लिए लिखित परीक्षा के अंकों को ही अंतिम माना जाएगा। वैकल्पिक परीक्षा के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन होगा। वैकल्पिक परीक्षा परिस्थितियां ठीक होने पर सिर्फ मुख्य विषयों की ही होंगी। सीबीएसई ने कोर्ट को विवाद निवारण तंत्र की जानकारी देते हुए बताया कि एक कमेटी रिजल्ट पर छात्रों की आपत्तियां देखेगी।

ICSE बोर्ड ने कहा 31 जुलाई के पहले घोषित करेंगे रिजल्‍ट

आइसीएसई बोर्ड ने भी सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि बारहवीं का रिजल्ट 31 जुलाई के पहले घोषित कर दिया जाएगा। मूल्यांकन और रिजल्ट से संतुष्ट न रहने वाले छात्र सुधार के लिए इम्प्रूवमेंट परीक्षा दे सकते हैं। रिजल्ट घोषित होने के बाद जल्दी से जल्दी इम्प्रूवमेंट परीक्षा कराई जाएगी। हालात सही रहने पर इम्प्रूवमेंट परीक्षा एक सितंबर से पहले करा ली जाएगी। कार्यक्रम परीक्षा से पहले जारी किया जाएगा। विवाद निवारण तंत्र की भी जानकारी दी है और कहा है कि कोर्ट के निर्देशानुसार इन सब चीजों को नीति में शामिल कर दिया गया है। असम, त्रिपुरा और कर्नाटक की ओर से सोमवार को कोर्ट को बताया गया कि स्टेट बोर्ड की परीक्षाएं निरस्त कर दी गईं हैं।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp