Thursday, October 22, 2026
Latest:
HOMEMADHYAPRADESH

यहां हो रही थी गांधी v/s गोडसे वेब सीरीज की शूटिंग, पहुंच गई पुलिस 4 पर मामले दर्ज

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में संडे लॉकडाउन होने के बाद भी वेब सीरीज की शूटिंग कर रहे क्रू पर पुलिस का डंडा चल गया। शूटिंग के लिए प्रशासन की इजाजत भी नहीं ली गई थी। मामला चिनार पार्क का है। बताया जा रहा है कि यहां गांधी v/s गोडसे नाम की वेब सीरीज की शूटिंग चल रहा थी। इसे देखने के लिए कई लोग जमा हो गए।

जानकारी मिलने पर एमपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शूटिंग बंद कराते हुए लोगों को पार्क से खदेड़ा। मामले में मुख्य आरोपी ऑर्गनाइजर वैभव सक्सेना समेत 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वेब सीरीज के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर राजकुमार संतोषी हैं। रविवार को शूटिंग के दौरान वे तो नहीं आए थे, लेकिन उनकी टीम शूटिंग करवा रही थी।

एमपी नगर टीआई सुधीर अरजरिया ने बताया कि शूटिंग करने वालों को थाने लाया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उनके मुताबिक, भोपाल में जो टीम मुंबई से आई है, उसने स्थानीय वैभव सक्सेना नाम के शख्स के माध्यम से SDM कार्यालय में अनुमति के लिए आवेदन दिया था, लेकिन अभी तक परमिशन नहीं मिली है। बावजूद लॉकडाउन के दौरान बिना मंजूरी के शूटिंग की जा रही थी। पुलिस ने वैभव सक्सेना के अलावा नमन सोनी, भूपेंद्र सिंह और अभिषेक के खिलाफ केस दर्ज किया है। वैभव सक्सैना यहां शूटिंग का काम देख रहा था। बाकी सभी यही टीम लीडर हैं। रिपोर्ट में किसी की डेजिग्नेशन नहीं लिखी गई है।

शूटिंग के लिए पुलिस प्रशासन की भी अनुमति की जरूरत होती है। ऐसे में यह भी जांच की जा रही है कि इतने सारे लोगों को शूटिंग और एक जगह एकत्र होने की अनुमति कहां से मिली या फिर बिना अनुमति के ही शूटिंग चल रही थी। राजकुमार संतोषी ने इसी साल 31 जनवरी को भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की थी। इस दौरान संतोषी के साथ भाजपा सांसद और एक्टर सनी देओल भी थे। वहीं इससे पहले संतोषी ने पिछले साल 15 दिसंबर को गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात की थी।

इसके बाद नरोत्तम ने ट्वीट कर कहा था कि जाने-माने फिल्म निर्माता-निर्देशक राजकुमार संतोषी भोपाल में अगले साल तीन फिल्मों की शूटिंग करेंगे। उन्होंने मुलाकात कर यहां फिल्म अकादमी शुरू करने के बारे में भी चर्चा की है। मैंने उनसे फिल्मों में प्रदेश के कलाकारों, प्रतिभाओं को मौका देने का आग्रह किया है।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp