भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव की तारीफ की है। सुनकर थोड़ा अजीब लग रहा है लेकिन ये सच है। सीएम शिवराज ने ट्वीट कर अरुण यादव को धन्यवाद दिया है।
दरअसल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आज 21 जून से मध्यप्रदेश में वैक्सीनेशन का महाअभियान (Vaccination Campaign) शुरू हुआ है। मध्यपप्रदेश में 7000 वैक्सीनेशन सेंटर्स पर आज वैक्सीन लगाई जा रही है मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी कैबिनेट के साथियों सहित प्रदेश के सभी नागरिकों से एक दूसरे को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करने की अपील की है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण यादव ने भी लोगों से वैक्सीनेशन के महाअभियान में वैक्सीन लगवाने की अपील की है। स्थानीय भाषा में अपील करते हुए अरुण यादव ने ट्वीट किया – आप सभी प्रदेशवासियों से अपील करता हूँ कि कल महा टीकाकरण अभियान में टीका अवश्य रूप से लगवाएं, इसमें कोई दिक्कत एवं परेशानी नही है । “भाई लोग ण होण टीको लगाड़ लिजो ऐका म कई दिक़्क़त नी हाई” ।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अरुण यादव के ट्वीट को अपने ट्विटर हैंडिल पर शेयर करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया और लिखा – वैक्सीनेशन महाअभियान का समर्थन करने और नागरिकों को टीकाकरण हेतु प्रेरित करने के लिए आपका धन्यवाद। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को इसी तरह आगे आकर समाज में जागरुकता फैलाना है और मध्यप्रदेश को सुरक्षित बनाना है।
















