Friday, November 20, 2026
Latest:
HOME

अधिवक्ताओं के प्रदर्शन के विरोध में उतरे नगर निगम कर्मचारी, कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षा की उठाई मांग अतिक्रमण कार्रवाई से शुरू हुआ विवाद गहराया, अब आमने-सामने आए अधिवक्ता और निगमकर्मी; शहर की व्यवस्थाओं पर पड़ने लगा असर

तपन निषाद/कटनी_नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर शुरू हुआ विवाद अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अधिवक्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को नगर निगम के कर्मचारी भी मैदान में उतर आए और उन्होंने प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। बीते दिनों हुए घटनाक्रम से नाराज निगमकर्मियों ने कर्मचारियों के सम्मान की रक्षा और शासकीय कार्यों के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
निगम कर्मचारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शासन के निर्देशों के तहत की जाती है और कर्मचारी अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। इसके बावजूद कार्रवाई के दौरान हुए विवाद और बाद में अधिवक्ताओं के प्रदर्शन के दौरान कथित अभद्र व्यवहार से कर्मचारियों में नाराजगी है। उनका मानना है कि शासकीय कार्य करते समय कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन के साथ नगर निगम में कथित अभद्रता के मामले को लेकर पिछले दिनों अधिवक्ताओं ने निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर चक्काजाम कर विरोध जताया था। अधिवक्ता अतिक्रमण प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे थे। इस विरोध प्रदर्शन के चलते निगम का कामकाज और यातायात भी प्रभावित हुआ था। अब निगम कर्मचारियों के मैदान में उतरने से विवाद ने नया रूप ले लिया है।
प्रशासन के सामने चुनौती, कैसे थमेगा टकराव
लगातार हो रहे प्रदर्शनों के बीच सबसे अधिक परेशानी आम नागरिकों को उठानी पड़ रही है। जरूरी प्रशासनिक कार्यों में बाधा और नगर निगम की व्यवस्थाओं पर पड़ रहे असर से लोगों की चिंता बढ़ गई है। अब निगाहें जिला प्रशासन और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों पर टिकी हैं। जरूरत है कि दोनों पक्षों की शिकायतों और मांगों को गंभीरता से सुनकर संवाद के जरिए समाधान निकाला जाए, ताकि विवाद आगे न बढ़े और शहर की व्यवस्थाएं सामान्य हो सकें।

Tapan Nishad

Tapan Nishad serves as the Senior Editor at News24you. With extensive experience in journalism and regional news coverage, he ensures that every story published on News24you adheres to the highest standards of fact-checking, accuracy, and editorial integrity before going live Contect: 7000052502 & 9993322038