तपन निषाद/कटनी-बारिश के कारण नगर की क्षतिग्रस्त सड़कों एवं मार्गों पर बने गड्ढों से नागरिकों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने मंगलवार शाम लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत जैसे जनहित से जुड़े कार्यों में लेट लतीफी स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को मैदानी स्तर पर सक्रिय होकर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना होगा।
निगमायुक्त ने सभी क्षेत्रीय उपयंत्रियों को अपने-अपने वार्डों का स्थल निरीक्षण कर बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं गड्ढों को चिन्हित करने तथा अगले तीन दिवस में मरम्मत का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकतानुसार तत्काल मरम्मत कार्य प्रारंभ कराने को कहा, ताकि नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो और दुर्घटना की स्थिति निर्मित न हो।
उन्होंने बस स्टैंड से पन्ना मोड़ एवं बरगवां से कलेक्ट्रेट मार्ग पर गड्ढों की तत्काल फिलिंग कराने तथा आवश्यक मार्गों के नवीन निर्माण के लिए सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने अधिकारियों को चेताया कि कार्य में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सड़क कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं स्थल निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, उपयंत्री संजय मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, रवि हनोते, राज ललित गुमास्ता, हिमांशु गौतम तथा कार्यालय अधीक्षक नागेंद्र पटेल उपस्थित रहे।













