
विकासखंड रीठी के ग्राम जमुनिया में कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
रीठी। जिला कटनी के रीठी विकासखंड अंतर्गत ग्राम जमुनिया में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कथा के शुभारंभ से पूर्व श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन किया गया। इसके पश्चात महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर गांव के प्रमुख मार्गों से भव्य कलश यात्रा निकाली।
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों एवं जयकारों के साथ आगे बढ़े। कलश यात्रा के समापन के बाद कथा स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया।
श्रीधाम वृंदावन से पधारे कथा वाचक श्री श्री 1008 श्री मुरारीदास ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा मनुष्य को भक्ति, ज्ञान, सदाचार एवं संस्कारों की प्रेरणा देती है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं उनके संदेशों को जीवन में अपनाकर मनुष्य अपने जीवन को सार्थक बना सकता है। कथा श्रवण से मन को शांति मिलती है और समाज में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण होता है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, युवा एवं बच्चे श्रद्धापूर्वक उपस्थित रहे।
आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की।








