Tuesday, October 27, 2026
Latest:
HOMEMADHYAPRADESH

PM नरेन्‍द्र मोदी की सुरक्षा में चूक पर CM शिवराज ने साधा कांग्रेस पर निशाना

पंजाब में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की सुरक्षा चूक पर मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है।

शिवराज ने ट्वीट किया है कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदीजी जन-जन के नेता हैं। पंजाब में कांग्रेस सरकार पराजय से भयभीत है और पार्टी हाईकमान की कठपुतली बनकर शासन की मर्यादाओं को तार-तार कर रही है। प्रधानमंत्री जी की सौगातें से पंजाब के नागरिकों को वंचित रखने का पाप कांग्रेस ने किया है।

उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से विकास, लोक कल्याण, गरीब उत्थान और राष्ट्र के नव निर्माण की विरोधी रही है। जब पंजाब में विकास के नए युग की शुरुआत होनी थी, तो उसे न सिर्फ बाधित किया गया, बल्कि प्रधानमंत्री जी की सुरक्षा में लापरवाही कर देश के साथ धोखा करने की नाकाम कोशिश की गई।

शिवराज ने कहा कि ओछी हरकतों के कारण देश कांग्रेस मुक्त होना चाहता है, तो क्या बौखलाहट में कांग्रेस नेता पद का दुरुपयोग कर ऐसी ही आपराधिक लापरवाही को अंजाम देंगे? सियासत में हार का बदला ऐसे लेने की कोशिश करेंगे? कभी लोकतंत्र का गला घोटने वाली कांग्रेस अब विभूतियों की सुरक्षा से भी खिलवाड़ करेगी?

उल्‍लेखनीय है कि प्रधानमंत्री की फिरोजपुर में होने वाली रैली रद्द कर दी गई है। बारिश को इसका कारण बताया गया, लेकिन समाचार एजेंसी एएनआई ने पीएम मोदी के हवाले से जो जानकारी दी है, उससे राजीनतिक हलकों में भूचाल आ गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से बठिंडा पहुंचे थे। खराब मौसम के कारण यहां से सड़क के रास्ते फिरोजपुर के लिए रवाना हुए, लेकिन बीच में एक पुल पर भीड़ के कारण रुकना पड़ा। यह पीएम की सुरक्षा में बहुत बड़ी चूक रही। करीब 20 मिनट वहां रुकने के बाद पीएम मोदी वापस बठिंडा रवाना हो गए। यहां एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने अधिकारियों से कहा कि अपने सीएम को थैंक्स कहना कि मैं बठिंडा एयरपोर्ट तक जिंदा लौट पाया।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp