HOME

बलिया की जनसभा में बोले मप्र के सीएम शिवराज : उत्तर प्रदेश को 15 वर्षों तक लूटा गया

बलिया की जनसभा में बोले मप्र के सीएम शिवराज : उत्तर प्रदेश को 15 वर्षों तक लूटा गया

भोपाल, बलिया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान ने रविवार को बलिया में कहा कि उत्तर प्रदेश को 15 वर्षों तक लूटा गया। पहले माफिया के भरोसे सरकार चलती थी। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन की सरकार विकास की नई गाथा लिख रही है। प्रदेश सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने की ओर अग्रसर है।

भाजपा गोरखपुर क्षेत्र की ‘जनविश्वास यात्रा” को हरी झंडी दिखाने आए शिवराज ने जंगल के शिकारी की कहानी सुनाते हुए सपा पर हमला किया। उन्होंने कहा कि बबुआ आएंगे और दाना डालेंगे। इसके बाद चाचा आकर शिकार करेंगे। ऐसे लोगों के झांसे में मत आना।

टीडी कालेज के मैदान में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि आजादी थाली में नहीं मिली थी। कांग्रेस ने आजादी का गलत इतिहास पढ़ाया। मंगल पांडेय, राजगुरु, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस, वीर कुंवर सिह, भगत सिह जैसे बलिदानियों को भुला दिया गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय गौरव को जगाया और आजादी का जश्न मनाया।

शिवराज ने कहा कि मोदी व योगी के बिना अयोध्या में श्रीराम मंदिर और काशी में नव्य-भव्य बाबा विश्वनाथ धाम बनना संभव नहीं था। अब राहुल बाबा त्रिपुंड लगा रहे हैं। प्रियंका गंगा नहा रही हैं। योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार में हुए घोटालों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रदेश में गुंडों का सफाया कर दिया गया है। अपराधी कांप रहे हैं।

मौके पर उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री अरविंद मेनन, राज्यसभा सदस्य जयप्रकाश निषाद, मंत्री दारा सिंह चौहान, उपेंद्र तिवारी व आनंद स्वरूप शुक्ल आदि ने भी जनसभा को संबोधित किया।

Related Articles

Back to top button