तालिबान की नई सरकार का ऐलान, मुल्ला मोहम्मद हसन अखुंद कार्यवाहक सरकार के PM बने
तालिबान ने बताया है कि अभी एक केयरटेकर कैबिनेट सरकार की जिम्मेदारी संभालेगी। मौलवी मोहम्मद याकूब मुजाहिद अफगानिस्तान के रक्षामंत्री होंगे। वहीं, सिराजुद्दीन हक्कानी को गृहमंत्री बनाया गया है।
तालिबान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने काबुल में एक प्रैस वार्ता में तालिबान की नई सरकार की घोषणा की है। तालिबान ने बिना किसी खास समारोह के सरकार की घोषणा की है, समारोह बुधवार को हो सकता है।
तुर्की ने कहा- मान्यता देने में जल्दबाजी न करें
अफगानिस्तान में तालिबान की सरकार बनने से ठीक पहले तुर्की के विदेश मंत्री यूसुफ एरिम ने अहम बयान दिया है। यूसुफ ने कहा- हमारी दुनिया को यही सलाह है कि वो तालिबान की सरकार को मान्यता देने में किसी तरह की जल्दबाजी न करें।
पाकिस्तान विरोधी रैली पर फायरिंग
इधर, काबुल में पाकिस्तान विरोधी रैली पर तालिबान ने फायरिंग कर दी। इससे मची भगदड़ में कई महिलाओं के घायल होने की खबर है। वहीं इस प्रदर्शन को कवर रहे TOLO न्यूज के कैमरामैन वाहिद अहमदी को तालिबान ने गिरफ्तार कर लिया। बता दें पंजशीर की जंग में पाकिस्तान के दखल से अफगानिस्तान के लोगों में गुस्सा है और वे लगातार दूसरे दिन पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शनों में काबुल के लोग गो-बैक पाकिस्तान और आजादी-आजादी के नारे लगा रहे हैं। ऐसा ही एक प्रदर्शन काबुल स्थित पाकिस्तानी दूतावास के बाहर चल रहा था, जिसमें ज्यादातर महिलाएं शामिल थीं। यहां लोगों को तितर-बितर करने के लिए तालिबान ने हवाई फायरिंग कर दी।

