Saturday, October 24, 2026
Latest:
HOME

42 फीसदी बढ़ी नरेंद्र मोदी की संपत्ति, जानिए बाकी मंत्रियों के पास है कितनी दौलत

42 फीसदी बढ़ी नरेंद्र मोदी की संपत्ति, जानिए बाकी मंत्रियों के पास है कितनी दौलत
नई दिल्ली। पिछले दो सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संपत्ति में कुल 42 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है, जबकि उनके मंत्री संपत्ति बढ़ोत्तरी में उनसे काफी आगे हैं। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की संपत्ति साल 2015-17 में सबसे ज्यादा बढ़ी है। उनकी संपत्ति 2014-15 में 53 लाख थी जो बढ़कर 2016-17 में 89 लाख रुपये हो गई। इस तरह दो सालों में तोमर की कुल संपत्ति में करीब 67 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। प्रधानमंत्री मोदी 41.8 फीसदी की संपत्ति बढ़ोत्तरी के साथ अपने कैबिनेट सहयोगियों के बीच तीसरे नंबर पर आते हैं। उनकी संपत्ति 1.41 करोड़ से बढ़कर 2 करोड़ हो गई है।
पीएमओ की वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर की संपत्ति में बढ़ोत्तरी नहीं हुई है बल्कि उनकी संपत्ति इन दो सालों में 50 फीसदी घट गई है। आंकड़ों के मुताबिक जावड़ेकर की संपत्ति साल 2014-15 में 1.11 करोड़ रुपये थी जो 2016-17 में घटकर 56 लाख रह गई है।केंद्रीय सांख्यिकी एवं क्रियान्वयन मंत्री सदानंद गौड़ा की संपत्ति में 42.3 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। उनकी संपत्ति 2014-15 में 4.65 करोड़ रुपये थी जो 2016-17 में बढ़कर 6.62 करोड़ रुपये हो गई है। केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह की संपत्ति में मात्र 23.5 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। उनकी संपत्ति 7.97 करोड़ थी जो बढ़कर 9.85 करोड़ रुपये हो गई है।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की भी संपत्ति में कम इजाफा हुआ है। 2014-15 में उनकी संपत्ति 4.55 करोड़ रुपये थी जो मात्र 17.4 फीसदी बढ़कर 2016-17 में 5.34 करोड़ रुपये हुई है। उनके जूनियर मंत्री वी के सिंह की संपत्ति में भी मात्र 12.5 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। उनकी संपत्ति 69 लाख से बढ़कर 78 लाख रुपये ही हुई है। नागरिक उड्डयन मंत्री गजपति राजू की संपत्ति 11.7 फीसदी बढ़ी है। पहले उनकी संपत्ति 6.98 करोड़ थी जो बढ़कर 7.80 करोड़ रुपये हुई है। केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी की संपत्ति भी कम 7.8 फीसदी ही बढ़ी है। 2014-15 में उनकी कुल संपत्ति 99 लाख थी जो 2016-17 में बढ़कर मात्र 1.07 करोड़ रुपये हो गई।
जावड़ेकर के अलावा जिन मंत्रियों की संपत्ति में गिरावट दर्ज हुई है उनमें खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान (30.8%), केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा (14.6%) और केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली (4.3%) शामिल हैं। हालांकि इन मंत्रियों के पत्नियों की संपत्ति को उनकी संपत्ति में जोड़ दिया जाय तो यह आंकड़ा दिलचस्प हो जाता है। जावड़ेकर और उनकी पत्नी प्राची जावड़ेकर की संयुक्त संपत्ति दो सालों में कुल 107 फीसदी बढ़ी है। रामविलास पासवन की सपत्निक संपत्ति में दो सालों में गिरावट नहीं बल्कि 14.9 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। इस दंपत्ति की कुल संपत्ति 1.23 करोड़ रुपये है। 14 मंत्रियों में अरुण जेटली सबसे धनी मंत्री हैं। उनकी कुल संपत्ति 67.7 करोड़ रुपये है, जबकि उनकी पत्नी संगीता जेटली के पास 100.97 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *