HOMEMADHYAPRADESH

ट्रिपल मर्डर: पिता और बेटी का गला घोंटा, महिला को चाकू मारा

ट्रिपल मर्डर: पिता और बेटी का गला घोंटा, महिला को चाकू मारा

ग्वालियर। मुरार पुलिस थाना क्षेत्र की अल्पना टॉकीज तिकोनिया में ट्रिपल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है। माता-पिता एवं उनकी 13 साल की लड़की की लाशें उन्हीं के घर में पड़ी हुई थी। दरवाजा खुला था। घटना की जानकारी सोमवार को लगी जबकि पुलिस का कहना है कि हत्या शनिवार रात से रविवार दोपहर के बीच हुई है। आश्चर्यजनक बात यह है कि घनी बस्ती में होने के बावजूद इस हत्याकांड के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है।

मुरार पुलिस ने बताया कि अल्पना टॉकीज तिकोनिया में रहने वाली मालती पाल के बच्चों की देखभाल के लिए पड़ोस में रहने वाली 13 साल की लड़की कृति उर्फ कीर्ति पाल आती थी। शनिवार को कीर्ति घर नहीं आई। शनिवार और रविवार दोनों दिन इंतजार करने के बाद सोमवार को मालती उसे देखने के लिए उसके घर पहुंची। देखा तो दरवाजा खुला हुआ था और घर के अंदर लड़की कीर्ति पाल। उसके 60 वर्षीय पिता जगदीश पाल और 55 वर्षीय माता सरोज पाल के शव पड़े हुए थे।
पुलिस को सूचना प्राप्त होते ही SP ग्वालियर अमित सांघी, ASP राजेश डंडौतिया भी मौके पर पहुंचे। एक्सपर्ट साइंटिस्ट अखिलेश भार्गव सहित फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड ने भी मौके से सबूत जुटाए हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बेटी और पिता की हत्या गला घोंटने से की गई है, जबकि महिला के पेट पर चाकू के घाव हैं। इसके साथ ही पुलिस ने सीन को रीक्रिएट किया है। माना जा रहा है कि पहले बच्ची फिर जगदीश पाल की हत्या की गई है। इसी समय सरोज के विरोध करने पर उसे मारा गया है।
घनी आबादी वाले इलाके में हत्याकांड हो जाने के बावजूद यह मामला अंधे कत्ल का बन गया है। हत्या किसने की, किस कारण से की गई और कब की गई कुछ पता नहीं है। पुलिस का अनुमान है कि शनिवार दोपहर रविवार रात के बीच हत्या की गई होगी। हत्या का कारण प्रॉपर्टी विवाद माना जा रहा है क्योंकि जगदीश और सरोज को कोई संतान नहीं थी। कीर्ति पाल को उन्होंने गोद लिया था। जिस मकान में रहते थे वह प्राइम लोकेशन पर है।

Show More

Related Articles

Back to top button