News24you

News you are looking for

जबलपुर खमरिया आर्डनेंस फैक्ट्री क्षेत्र में फिर दिखी तेंदुए की हलचल, सतर्क रहने को कहा

तेंदुआ

जबलपुर : खमरिया क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुआ देखे जाने की खबर है। इस जानकारी के बाद से हड़कम्प का वातावरण बना हुआ है। आर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया प्रबंधन ने तो कर्मचारियों के लिए सचेत रहने के लिए कहा है। बकायदा लागबुक में सेक्शन एफ-3 और 4 के आस-पास रात में 12 बजे के बाद तेंदुआ के मूवमेंट की जानकारी दर्ज है।

हालांकि, रविवार को निर्माणी में अवकाश रहता है, इसलिए बहुत चिंता की बात नहीं है, लेकिन यह सतर्क रहने का कारण जरूर है।तेंदुआ लोगों के साथ आंख-मिचौली का खेल वर्षों से खेल रहा है। कभी वो डुमना में दिखता है, तो कभी नयागांव में। रविवार को एक तेंदुए को आर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया के परिसर में देखे जाने की जानकारी मिली है।

कर्मचारियों के अनुसार इसकी पुष्टि फैक्ट्री के सेक्शन एफ-3 और 4 की लागबुक में दर्ज जानकारी से हो जाती है। लागबुक में लिखा गया है कि अनुभाग-3 और 4 के आस-पास एवं निर्माणी की बाउंड्रीवाल के पास तेंदुए की मौजूदगी देखी गई है। इसलिए कर्मचारियों को सूचित किया गया है कि वे समूह में रहें। कहीं भी दो या दो से अधिक की संख्या में ही आएं-जाएं।

 

तेंदुआ के मुफीद है जबलपुर की पारिस्थितिकी

तेंदुआ देखे जाने की सूचनाएं जबलपुर के लिए कौतूहल भरी तो हैं, लेकिन नई नहीं हैं। दशकों से यहां तेंदुआ की मौजूदगी के प्रमाण मिलते रहे हैं। कभी कहीं उसके पदचिन्ह मिले तो कहीं वो खुद प्रकट हो गया। नयागांव और डुमना के आस-पास की बसाहटों में तेंदुआ अक्सर लोगों की नजर में आता रहा है, लेकिन वो इतना चालाक है कि वन विभाग के शिकंजे में फंस नहीं पाता।