Monday, November 2, 2026
Latest:
HOMEजरा हट के

चोरी के बाद चोरों ने लौटाई सामग्री, साथ भेजी चिठ्ठी लिखा-हमें नहीं पता था गरीब का घर है Sorry

Ajab Gajab News: उत्तर प्रदेश से चोरी का एक दिलचस्प मामला सामने आया है. उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में चोरों ने एक गरीब के घर में चोरी कर ली. इसके बाद उन्होंने जो किया वह जानकर आपका दिल भी पसीज जाएगा. चोरी करने के बाद चोर उनका सामान भी लौटा गए और एक पर्ची लिखकर उनसे माफी भी मांगी. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.

जानकारी के अनुसार, बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के चन्द्रायल गांव के रहने वाले दिनेश तिवारी काफी गरीब हैं. कुछ समय पहले उन्होंने 40 हजार रुपये का कर्ज लेकर वेल्डिंग की एक दुकान खोली थी. हर रोज की तरह जब 20 दिसंबर की सुबह वह अपने दुकान पहुंचे तो उनके होश उड़ गए थे. उनके दुकान का ताला टूटा हुआ था और कई सामान चोरी हो चुके थे. इसके बाद उन्होंने बिसंडा थाने में चोरी की सूचना दी.

हालांकि थाने पर दरोगा नहीं थे, इस कारण केस दर्ज नहीं हो पाया. घटना के दो दिन बाद उन्हें कहीं से पता चला कि उनका चोरी हुआ सामान गांव में एक खाली स्थान पर पड़ा हुआ है. दरअसल, चोर उनका सामान रख गए थे. चोरी करने के बाद जब चोरों को पता चला कि दिनेश तिवारी काफी गरीब हैं तो चोरों का दिल पसीज गया था. इसके अलावा वह काफी इमोशनल हो गए थे. इसलिए चोरों ने एक पर्ची लिखकर दिनेश तिवारी से माफी भी मांगी.

चोरों ने पर्ची में लिखा, ‘यह दिनेश तिवारी का सामान है. हमें बाहरी आदमी से आपके बारे में जानकारी हुई. हम सिर्फ उसे जानते हैं जिसने लोकेशन दी कि वह कोई मामूली आदमी नहीं है. पर जब हमें जानकारी हुई तो हमें बहुत दुःख हुआ. इसलिए हम आपका सामान वापस देते हैं. गलत लोकेशन की वजह से हमसे गलती हुई.’ इस पूरी घटना पर बिसंडा थाने के SHO भी हैरान हैं. उन्होंने कहा कि ये हास्यास्पद है कि कोई चोर कहीं से चोरी करे और सामान लौटा जाए. इतने सालों की नौकरी में उन्होंने ऐसा कभी नहीं देखा. उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल फिल्मों जैसी बात हो गई.

दूसरी तरफ दिनेश तिवारी को जब उनका सामान वापस मिला तो उन्हें बहुत खुशी हुई. उन्होंने बताया कि चोर ने उनकी दुकान से 2 वेल्डिंग मशीन, 1 बड़ी कटर मशीन, 1 तौलने वाली मशीन, 1 ग्लेंडर और 1 ड्रिल मशीन चोरी करके ले गए थे. अब चोर मेरा पूरा सामान वापस कर गए हैं और उस पर एक पर्चा भी है. जिसमें लिखा है कि गलती से चोरी हो गई. उन्होंने कहा, ‘मेरा सामान मिल गया मैं इसी में बहुत खुश हूं. भगवान ने मेरी रोजी-रोटी बचा ली.’

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp