Rain in MP। जबलपुर और आसपास के जिलों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई आवागमन के रास्ते बंद हो गए हैं। नदी नाले पानी से लबालब हैं। कई पुलिया, रपटा डूब गए हैं। इसकी वजह से लोगों को गंतव्य तक जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नरसिंहपुर, दमोह, सिवनी, सतना, शहडोल, मंडला, उमरिया, कटनी में भी अच्छी-खासी बारिश हो रही है।
नरसिंहपुर। जिले के ग्राम भौरझिर में जहां पहले से बनी पानी की टंकी जिससे पूरे गांव में वाटर सप्लाई होती थी बीती रात धराशायी हो गई।
उफनाई नर्मदा की बाढ़ से गोटेगांव जबलपुर मार्ग व गाडरवारा तेंदूखेड़ा मार्ग बंद
नरसिंहपुर। जिले में मूसलाधार वर्षा का दौर तेज हवाओं के साथ बना हुआ है। नर्मदा की बाढ़ से जबलपुर गोटेगांव स्टेट हाइवे क्रमांक 22 झाँसीघाट में पुल के ऊपर पानी आने से बंद हो गया है। यही हाल ककरा घाट पुल का है। जिससे गाडरवारा से तेंदुखेड़ा को जोड़ने वाला मार्ग बंद हो गया है। नर्मदा का उफान जारी है और वर्षा थमने का आसार नही दिख रहे है। जनजीवन बुरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। जिले के ग्राम भोरझिर में वर्षा की वजह से एक टँकी गिरने की जानकारी भी सामने आ रही है।
बरमान सीढ़ी घाट डूबा
नरसिंहपुर जिले के बरमान में सीढी घाट जलमग्न हो गया है। नर्मदा का पानी लगातार बढ़ने से घाट के ऊपर सड़क किनारे दुकाने लगाने वाले व्यापारियों में हड़कंप है और वह अपना सामान, लकड़ी, टीन, तिरपाल आदि सामग्री समेटकर दूर ले जाने में लगे है।
नरसिंहपुर। नर्मदा के तटीय ग्राम केरपानी के बाजार क्षेत्र में नर्मदा की बाढ़ का आया पानी। कई दुकानदार पहले ही खाली कर चुके थे दुकानों से सामान, प्रशासन ग्रामीणों को सुरक्षित करने में लगा है।
शहडोल के बाणसागर बांध में 24 घंटे के अंदर 1.82 मीटर पानी का हुआ भराव
शहडोल। पांच दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण शहडोल जिले के बाणसागर बांध में पानी का स्तर काफी बढ़ गया है। पिछले 24 घंटे में हुई बारिश के चलते बांध में 1.82 मीटर पानी का भराव हो गया है और सोमवार की सुबह 8 बजे जो स्थिति दर्ज की गई है उसके मुताबिक बांध में 337 मीटर पानी भर चुका है
Related