News24you

News you are looking for

मध्य प्रदेश के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 8 नई फ्लाइट्स को दी मंजूरी

मध्य प्रदेश के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 8 नई फ्लाइट्स को दी मंजूरी

भोपाल । नागरिक उड्डयन मंत्री का पदभार संभालते ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के लोगों को बड़ी सौगात दी है। उड्डयन मंत्रलय ने मध्य प्रदेश के लिए आठ नई फ्लाइट्स को मंजूरी दी है, जो 16 जुलाई से संचालित होंगी। इसमें ग्वालियर-अहमदाबाद, ग्वालियर-पुणे, ग्वालियर-जबलपुर, ग्वालियर-मुंबई फ्लाइट भी शामिल हैं। ऐसे में अब ग्वालियर इन चार शहरों से भी हवाई सुविधा से जुड़ गया है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में नागरिक उड्डयन मंत्रालय उड़ान योजना को नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर करने के लिए पूरी तरह से संकल्पित है। हमारे लिए अत्यंत हर्ष का विषय है कि स्पाइस जेट 16 जुलाई से मध्यप्रदेश से 8 नई उड़ाने शुरू करने जा रहा है। इसमें ग्वालियर-मुम्बई-ग्वालियर, ग्वालियर-पुणे-ग्वालियर, जबलपुर-सूरत-जबलपुर और अहमदाबाद-ग्वालियर-अहमदाबाद शामिल है।

पिछले साल कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया को नागरिक उड्डयन मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया है। सिंधिया ने हरदीप सिंह पुरी की जगह ली है, जिन्हें पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय का प्रभार दिया गया है। पिछले साल मध्य प्रदेश में भाजपा की सत्ता में वापसी में सिंधिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सिंधिया के प्रति वफादार 22 विधायकों ने कमलनाथ सरकार से इस्तीफा दे दिया था।