News24you

News you are looking for

Transfer News: तबादलों के लिए मप्र पुलिस मुख्यालय ने तैयार की सूची, जानिये कौन होंगे प्रभावित

Transfer News: तबादलों के लिए मप्र पुलिस मुख्यालय ने तैयार की सूची, जानिये कौन होंगे प्रभावित

भोपाल। नवंबर में होने वाले मध्‍य प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए विभागों ने तबादलों की सूची तैयार करना प्रारंभ कर दिया है। पुलिस मुख्यालय ने पुलिस महानिरीक्षक से लेकर उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों की सूची बनाई है, जिसे गृह विभाग द्वारा अंतिम रूप दिया जाएगा।

वहीं, अब सामान्य प्रशासन विभाग सूची तैयार करेगा। इसमें कलेक्टर, अतिरिक्त, संयुक्त, उप कलेक्टर के साथ अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार शामिल रहेंगे। निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार विभागों को 31 जुलाई के पहले तबादले करने होंगे।

आयोग ने पुलिस महानिरीक्षक से लेकर उप निरीक्षक, कलेक्टर से लेकर नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारियों के तबादले करने के लिए कहा है। इसमें वे अधिकारी ही शामिल होंगे, जो गृह जिले में पदस्थ हैं या फिर उन्हें एक स्थान पर पदस्थ रहते तीन वर्ष हो चुके हैं।

इसमें वे अधिकारी भी शामिल होंगे, जिन्हें चुनाव आयोग पूर्व में दंडित कर चुका है या जिनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण चल रहे हैं। इस आधार पर पुलिस मुख्यालय ने तैयारी कर ली है तो सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिकारियों को सूची बनाने के लिए कहा है।

कलेक्टर में दतिया के संजय कुमार, निवाड़ी संजय कुमार मिश्रा और टीकमगढ़ के सुभाष कुमार द्विवेदी के तीन वर्ष हो चुके हैं। इसके अलावा कुछ कलेक्टरों के एक जनवरी 2024 को तीन वर्ष पूरे होने में एक-दो माह ही बचेंगे। इनके संबंध में आयोग अलग से निर्णय लेगा। जिला और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बदले जाएंगे।