HOME

सब्जी मंडी में दीवार काटकर 3 लाख की चोरी

तपन निषाद/कटनी-बिलैया तलैया में चोरों ने फिर अपनाया दीवार तोड़ने का तरीका, LED टीवी रिपेयरिंग दुकान को बनाया निशाना; शहर में बढ़ती वारदातों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े किए सवाल

कटनी। शहर में चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाएं अब आम नागरिकों और व्यापारियों की चिंता बढ़ाने लगी हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद नजर आ रहे हैं कि वे बेखौफ होकर दुकानों की दीवारें काटकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला बिलैया तलैया स्थित सब्जी मंडी की गली का है, जहां चोरों ने शंकर इलेक्ट्रिकल्स नामक LED टीवी डिस्प्ले रिपेयरिंग की दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 3 लाख रुपए की चोरी कर ली। चोर दुकान की दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए और टीवी कीमती इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स के साथ नकदी लेकर फरार हो गए।

दीवार काटकर दुकान में घुसे चोर, 2 लाख नकद और कीमती आईसी पार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाजाज बैग हाउस के बाजू से सब्जी मंडी की गली में शंकर इलेक्ट्रिकल्स के नाम से LED टीवी डिस्प्ले रिपेयरिंग की दुकान संचालित है। दुकान का संचालन शंकर यादव और उनके पुत्र समीर यादव द्वारा किया जाता है। समीर यादव ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7:30 बजे रोजाना की तरह दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। रविवार को दुकान बंद रहती है। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे जब पिता-पुत्र दुकान पहुंचे और अंदर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए। दुकान की अंदरूनी दीवार टूटी हुई थी और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। प्राप्त जानकारी अनुसार चोर दुकान में रखी करीब 80 से 90 हजार रुपए कीमत की टीवी आईसी और लगभग 2 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो चुके थे। इस तरह चोरी की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई जा रही है।

कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच, साक्ष्य जुटाने में जुटी टीम
घटना की जानकारी पीड़ित दुकानदार द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाने के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश में जुटी है।

15 करोड़ की चोरी का खुलासा पूरी तरह नहीं, दूसरी वारदात ने बढ़ाई चुनौती
शहर में चोरी की वारदातों का सिलसिला पुलिस के सामने गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। करोड़ों रुपए की किसना ज्वेलर्स चोरी का मामला अभी पूरी तरह सुलझ भी नहीं पाया है। करीब 15 करोड़ रुपए की इस बड़ी चोरी के मामले में पुलिस की जांच और बरामदगी को लेकर पहले से ही सवाल बने हुए हैं। इसी बीच अब सब्जी मंडी में दीवार काटकर करीब 3 लाख रुपए की चोरी की घटना सामने आ गई। सबसे गंभीर पहलू यह है कि चोर लगातार दुकानों को निशाना बना रहे हैं और वारदातों के लिए दीवार काटने जैसे तरीके अपना रहे हैं। इससे साफ है कि अपराधियों को न तो पुलिस की गश्त का भय नजर आ रहा है और न ही व्यापारिक क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का।

व्यापारियों में दहशत, पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने शहर के व्यापारियों में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। सवाल यह है कि आखिर चोरों को वारदात करने के लिए इतना समय और मौका कैसे मिल रहा है? संवेदनशील व्यापारिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त कितनी प्रभावी है? क्या संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं?
किसना ज्वेलर्स चोरी जैसी बड़ी वारदात के बाद भी यदि शहर में चोरों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं, तो यह पुलिस के लिए आत्ममंथन का विषय है। अब जरूरत केवल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करने की नहीं, बल्कि चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने, रात्रिकालीन गश्त मजबूत करने और पुराने मामलों का ठोस खुलासा करने की है। व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए पुलिस को नतीजों के साथ सामने आना होगा।

Tapan Nishad

Tapan Nishad serves as the Senior Editor at News24you. With extensive experience in journalism and regional news coverage, he ensures that every story published on News24you adheres to the highest standards of fact-checking, accuracy, and editorial integrity before going live Contect: 7000052502 & 9993322038