नागरिकों की अपेक्षाओं और शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रही महापौर जनसुनवाई,महापौर श्रीमती सूरी ने जनसामान्य से किया सीधा संवाद, नगर विकास में जनभागीदारी को बताया महत्वपूर्ण

IMG-20260929-WA0269

तपन निषाद/कटनी – शहर के नागरिकों की समस्याओं, अपेक्षाओं और स्थानीय आवश्यकताओं को जानने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर जनसुनवाई आयोजित की गई। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की उपस्थिति में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने नगर निगम से संबंधित अपने प्रकरण प्रस्तुत किए और शहर की नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी।

जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के माध्यम से वार्डों में मौजूद विभिन्न समस्याओं और नागरिकों की आवश्यकताओं से जुड़े कई विषय सामने आए। नागरिकों ने आवास,अतिक्रमण,सड़क, नाली, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य प्रकरण प्रस्तुत किए। महापौर ने नागरिकों के साथ सीधे संवाद करते हुए उनके प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित विभागों को त्वरित आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।

महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप शहर में सुविधाओं का विस्तार और व्यवस्थाओं में सुधार करना नगर निगम की प्राथमिकता है। जनप्रतिनिधि और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थानीय आवश्यकताओं को समझने तथा विकास कार्यों को जनअपेक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ाने में सहायक होता है।

महापौर श्रीमती सूरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रकरणों की समय-समय पर मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की प्रगति पर नजर रखते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों पर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रकरणों के निराकरण की जानकारी भी समय पर उपलब्ध कराई जाए।

जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के सभी शाखाओं के प्रभारियों की मौजूदगी रही।

You may have missed