Katni: हत्या के आरोप में पति गया जेल तो पत्नी बेचने लगी गांजा

कटनी/कैमोर। कैमोर पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा की बिक्री करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक किलो से भी अधिक मात्रा में गांजा बरामद किया है।

 

आरोपी महिलाओं के विरुद्ध एनडीपीसी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। कैमोर थाना प्रभारी अरविंद जैन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि भाटिया मोहल्ला निवासी इम्तियाज पठान उर्फ  बड़ा भैया लगभग दो साल पहले हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था जो वर्तमान में जेल में निरुद्ध है।

 

पति के जेल चले जाने के बाद पत्नी साजिदा उर्फ  मन्ना बाई को जीविका का और कोई साधन नहीं मिला तो उसने प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजे की बिक्री शुरू कर दी। आरोपी महिला सौ, पचास रुपये की पुडिय़ा बनाकर ग्राहकों को बेचती थी।

 

पुलिस को इस बात की भनक लगी तो महिला पुलिस कर्मियों के साथ उसके निवास पर दबिश दी गई। जहां पुडिय़ा बनाकर गांजे का विक्रय कर रही साजदा पठान को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इसी प्रकार कैमोर थाना छेत्र में ही इंद्रजीत की दफाई निवासी 70 वर्षीय वृद्ध महिला राम बाई विश्वकर्मा पति स्व गणेश विश्वकर्मा द्वारा भी अपने निवास से गांजे की पुडिय़ा विक्रय करने की खबर पुलिस को मिली थी।

 

पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर इसे भी गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाओं के पास से क्रमश: 574 ग्राम और 500 ग्राम गांजा जप्त किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई में एसआई परते, एसआई अनिल पांडेय, प्रधान आरक्षक श्याम बिहारी तिवारी, प्रेम शंकर पटेल, अतुल तिवारी, आरक्षक सनिल सोनी, महिला आरक्षक सौम्या एवं प्रिया शामिल रही। कार्रवाई एसपी मयंक अवस्थी, एएसपी संदीप मिश्रा एवं एसडीओपी शिखा सोनी के मार्गदर्शन में की गई।

Exit mobile version