News24you

News you are looking for

Corona Update केंद्र सरकार अलर्ट मोड में, 6 राज्यों को जारी की एडवाइजरी

Coronavirus: AIIMS के पूर्व निदेशक बोले-इस बार ज्यादा खतरनाक साबित नहीं होगा कोरोना नया वैरिएंट, कैसे करें बचाव?

Corona Update: देश के कई राज्यों में कोरोना संक्रमण के मामलों में एक बार फिर से वृद्धि दर्ज किए जाने संबंधी रिपोर्ट सामने आने के बाद केंद्र सरकार अलर्ट मोड में आ गई है. इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने दिल्ली और छह राज्यों से पर्याप्त जांच सुनिश्चित करने, कोविड नियमों के पालन को बढ़ावा देने और इस वृद्धि को रोकने के लिए वैक्सीनेशन की गति बढ़ाने को कहा है.

इन राज्यों को भेजा गया पत्र

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने दिल्ली, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु और तेलंगाना को लिखे एक पत्र में कहा है कि देश के विभिन्न हिस्सों में आने वाले त्योहार और सामूहिक समागम संभावित रूप से कोविड-19 सहित संक्रामक रोगों को फैलने में मदद कर सकते हैं. उन्होंने 5 अगस्त को लिखे इस पत्र में जोर देकर कहा कि आरटी-पीसीआर और एंटीजन टेस्ट की अनुशंसित हिस्सेदारी को बनाए रखते हुए राज्यों के सभी जिलों में पर्याप्त टेस्ट सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है. राज्यों को संक्रमण के प्रसार को रोकने और प्रभावी मामले प्रबंधन के लिए अधिक मामलों और उच्च सकारात्मकता दर वाले जिलों की बारीकी से निगरानी करनी चाहिए.

कोविड-उपयुक्त व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर

राजेश भूषण ने राज्यों से कोविड-19 के लिए संशोधित निगरानी रणनीति का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया, जिसे केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा साझा किया गया है. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के निर्धारित नमूनों की जीनोम सिक्वेंसिंग के साथ-साथ निगरानी स्थलों और नए कोरोना मामलों के स्थानीय क्लस्टर से नमूनों का संग्रह भी उतना ही महत्वपूर्ण है. राजेश भूषण ने कहा कि ऐसे नमूनों को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा नामित प्रयोगशाला में जीनोम सिक्वेंसिंग के तुरंत भेजा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि बाजारों, अंतर-राज्यीय बस स्टैंडों, स्कूलों, कॉलेजों, रेलवे स्टेशनों आदि जैसी भीड़-भाड़ वाली जगहों पर कोविड-उपयुक्त व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए नए सिरे से ध्यान देने की आवश्यकता है.