Bjp News विस्तारित जिला पदाधिकारी बैठक में भाजपा ने बनाई आगे की रणनीति

Bjp News विस्तारित जिला पदाधिकारी बैठक में भाजपा ने बनाई आगे की रणनीति

Bjp News कटनी। भारतीय जनता पार्टी की विस्तारित जिला पदाधिकारी बैठक जिला कार्यालय में शुरू हुई। दिन भर चलने वाली इस महत्वपूर्ण जिला बैठक में दीप प्रज्वलित कर भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन, जिला प्रभारी संजय साहू, विधायक संदीप जायसवाल, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश सोनी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामरतन पायल, पीताम्बर टोपनानी, शशांक श्रीवास्तव, पूर्व विधायक अलका जैन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ममता पटैल, महामंत्री चेतन हिंदुजा, राजेश चौधरी ने किया। बैठक में प्रस्तावना उद्बोधन देते हुए जिलाध्यक्ष दीपक सोनी ने सभी पदाधिकारियों का कटनी में हुई प्रदेश पदाधिकारी बैठक में अपने अपने दायित्व को बेहतर ढंग से निर्वहन करने पर सभी को बधाई दी।

श्री टण्डन ने कहा कि राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने कटनी के समस्त कार्यकर्ताओं के अनुशासन की प्रशंसा की। बैठक में कल 25 दिसम्बर को मन की बात कार्यक्रम तथा भारत रत्न अटल बिहारी जी की जन्म जयंती को पार्टी के निर्देश अनुसार आयोजित करने की अपेक्षा की। बैठक में पार्टी की बूथ तक की रचना के अनुरूप समस्त पदाधिकारी कार्यकर्ताओं से कार्य करने की अपेक्षा की गई। शक्ति केंद्र स्तर पर स्नेह यात्रा का आयोजन किया जाना है इस पर भी चर्चा की गई। बैठक में आने वाले दिनों में पार्टी को बूथ स्तर पर सतत कार्य करने हेतु करणीय कार्यों की जानकारी दी गई। प्रथम सत्र में कल होने वाले कार्यक्रम प्रधानमंत्री जी की मन की बात तथा भारत रत्न पंडित अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती बूथ स्तर पर मनाये जाने एवं इस कार्यक्रम को संगठन एप के जरिये केंद्रीय नेतृत्व तक भेजने आम जन तक मन की बात पहुंचे विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी पूर्व विधायक अलका जैन ने दी।

इसके उपरांत केंद्र एवं राज्य की सरकार के जनहितकारी कार्यों योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने विधायक संदीप जायसवाल ने महत्वपूर्ण वक्तव्य दिया। विधायक श्री जायसवाल ने कहा कि युवाओं को भृमित करने की कोशिश की जा रही है। बेरोजगारी पर विरोधी सिर्फ सरकारी जॉब की बात करते हैं। जबकि हम प्रत्येक कार्य को रोजगार में शामिल करते हैं। आज प्लेसमेंट का दौर है। बच्चे प्राइवेट पैकेज देख रहे हैं। हर घर मे कोई न कोई रोजगार से लगा है। आलम तो यह है कि आज श्रमिक नहीं मिलते रोजगार को सिर्फ सरकारी जॉब तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कई उदाहरण भी दिए जब युवाओं ने सरकारी जॉब छोड़कर व्यवसाय या प्राइवेट की ओर रुख किया।

इसके उपरांत मोदी@2.0 पुस्तक तथा इस किताब की महत्ता पर पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव ने प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री जी के कई महत्वपूर्ण कार्य एवं उनके जीवन से हर व्यक्ति को शिक्षा लेने की बात को शानदार ढंग से प्रस्तुत किया। इस सत्र के उपरांत जिला भाजपा प्रभारी संजय साहू ने संगठनात्मक समीक्षा करते हुए सभी जिला पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष एवं प्रभारियों को अहम जानकारी दीं।

श्री साहू ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लगनशील है आने वाले विधानसभा चुनाव की दृष्टि से हमे और अधिक सक्रिय तथा सतर्क रहना होगा। श्री साहू ने कहा कि सभी मोर्चा प्रकोष्ठों की जवाबदेही अब पहले से ज्यादा है। जिला स्तरीय बैठक में अंतिम सत्र पर भाजपा के सोशल मीडिया एवं आईटी से सम्बंधित महत्वपूर्ण आयोजन सुघोष को लेकर कार्यालय मंत्री अम्बरीष वर्मा ने जानकारी दी। उन्होंने आने वाले दिनों में कटनी में सुघोष के बड़े आयोजन की बात भी कही।

इसी तरह संगठन एप पर प्रत्येक पदाधिकारी की उपस्थिति एवं उनके दायित्वों के अनुरूप कार्यों को अपलोड करने की जानकारी आईटी विभाग के संयोजक संकल्प तिवारी ने सरलता से समझाई। आने वाले दिनों में महिला मोर्चा के कार्यक्रम की जानकारी मोर्चा की जिलाध्यक्ष सीमा जैन सोगानी तथा युवा मोर्चा के कार्यक्रम की जानकारी जिलाध्यक्ष मृदुल मिश्रा ने दी।

बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष सुनील उपाध्याय ने जबकि आभार व्यक्त मृदुल द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर अपेक्षित पदाधिकारी मण्डल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष आदि उपस्थित थे।

शिवकुमार चौधरी अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष नियुक्त, नए पदाधिकारी का स्वागत

भाजपा के सक्रिय युवा कार्यकर्ता शिवकुमार चौधरी बबलू को अनुसूचित जाति मोर्चा की कमान सौंपी गई। आज भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन एवं पदाधिकारियों ने श्री चौधरी के साथ ही दो नए पदाधिकारी रणवीर कर्ण, धीरेन्द्र सिंह तथा मन की बात कार्यक्रम के जिला सह प्रभारी रवि खरे का स्वागत किया गया।

Exit mobile version