HOMEराष्ट्रीय

देश का 80% हिस्सा मानसूनी बारिश में भीगा; अगले 48 घंटे में पूरे उत्तर भारत में बरसेगा पानी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अब देश की राजधानी दिल्ली में अगले दो से तीन दिनों में मानसून पहुंचने की सबसे अधिक संभावना है।

दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के बाद अब मानसून देश के पूर्वी और मध्य भाग में सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अब देश की राजधानी दिल्ली में अगले दो से तीन दिनों में मानसून पहुंचने की सबसे अधिक संभावना है।

इसके साथ ही मौसम विभाग ने रविवार तक मानसून के पूरे ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद और हरियाणा के कुछ हिस्सों, चंडीगढ़ और उत्तरी पंजाब को कवर करने का दावा किया है। ये देश के लगभग 80% भौगोलिक क्षेत्र को कवर करता है।

दो दिनों में दिल्ली और एनसीआर में भी मानसून दस्तक दे देगा। हालांकि, रविवार को दिल्ली में भी बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण राजस्थान और गुजरात के कच्छ को छोड़कर अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पूरे उत्तर भारत में सक्रिय होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत में 13-14 जून के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में शाम को हुई बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया।
दिल्ली में शाम को हुई बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया।

महाराष्ट्र: मुंबई में रिकॉर्ड बारिश, जमकर बरसा मानसून
महाराष्ट्र में मानसून जमकर बरस रहा है। मुंबई और आसपास के जिलों में बीती रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इससे निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है। हालांकि, वीकेंड होने के चलते सड़कों पर आम दिनों की तरह भीड़ नहीं है। मुंबई में बीते 4 दिनों में 641.3mm से ज्यादा बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक 16 जून तक 50 से 60 किमी/ घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके चलते महाराष्ट्र के कोस्टल एरिया में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

बारिश के बाद पवई इलाके में BMC की म्युनिसिपल कैपेसिटी एंड रिसर्च बिल्डिंग की पार्किंग का हाल।
बारिश के बाद पवई इलाके में BMC की म्युनिसिपल कैपेसिटी एंड रिसर्च बिल्डिंग की पार्किंग का हाल।

मुंबई में टूट सकता है जून महीने का रिकॉर्ड
मुंबई में पिछले 4 दिनों से भारी बारिश का कहर जारी है। बेस स्टेशन सांताक्रूज में रविवार को सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे में 107 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मुंबई में 10 जून (231 मिमी), 11 जून (107 मिमी) और 12 जून (107 मिमी) को तीनों ही दिन 100 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

मुंबई में 9 जून को मानसून की जोरदार शुरुआत हुई और उसके बाद कोई कमी नहीं आई। मुंबई में अब तक कुल 641.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य (493.1 मिमी) से अधिक है। पिछले 4 दिनों में मुंबई में 500 मिमी से अधिक बारिश हुई है। रातभर हुई बारिश के बाद मुंबई में अंधेरी सबवे में भी पानी भर गया है, जिसके बाद उसे अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। कुर्ला, सांताक्रूज, अंधेरी समेत कई इलाकों में भी जलभराव शुरू हो गया है।

समुद्र में हाई टाइड का अलर्ट जारी किया
मुंबई में पिछले 4 दिनों के अंदर 641.3 मिमी बारिश हो चुकी है, जिससे कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। BMC ने समुद्र में हाई टाइड का अलर्ट जारी किया है, जिसे देखते हुए लोगों को बीच पर न जाने की सलाह दी गई है। हाई टाइड के दौरान 4 से 5 फीट ऊंची लहरें उठ सकती हैं। मुंबई में जून महीने में होने वाली बारिश का रिकॉर्ड टूट सकता है। अभी 2015 में हुई 1106.7 मिमी बारिश का रिकॉर्ड है।

फोटो पुणे के पनशेट इलाके में हुई बारिश के बाद की है।
फोटो पुणे के पनशेट इलाके में हुई बारिश के बाद की है।

राजस्थान: जून में भीषण गर्मी के साथ कुछ इलाकों में बारिश
प्रदेश में नौतपा के बाद जून में भीषण गर्मी पड़ रही है। इस बीच प्री मानसून का असर भी कुछ जिलों में देखने मिल रहा है। रविवार को सवाई माधोपुर, श्रीगंगानगर, करौली में बारिश हुई। वहीं, झुंझुनूं और सीकर में तेज हवाएं चली। जयपुर के कुछ इलाकों में भी बूंदाबांदी हुई। शनिवार को देर शाम के बाद अचानक तेज आंधी चलने लगी। कुछ जिलों में बारिश भी हुई। इसके बाद तापमान में गिरावट से प्रदेशवासियों को गर्मी से कुछ निजात मिल सका। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां अगले 4 दिन में हल्की बारिश हो सकती है। धूल भरी आंधी और 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा 15 और 16 जून को कई जिलों में अच्छी बारिश के भी अनुमान है।

Show More

Related Articles

Back to top button