Saturday, October 31, 2026
Latest:
HOMEजरा हट के

A Baby Born In Aeroplane: विमान में दिया बच्चे को जन्म, महिला को ही नहीं थी गर्भवती होने की जानकारी

देश-दुनिया में अक्सर ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं जिन्हें सुनकर लोग आश्चर्यचकित रह जाते हैं। ऐसी ही एक घटना सामने आई है जिसमें एक महिला ने उड़ान के दौरान विमान में बच्चे को जन्म दिया। अब आप सोच रहे होंगे कि इसमें आखिर ऐसा हैरान कर देने वाला क्या है। दरअसल, जिस महिला ने बच्चे को जन्म दिया उसे यह पता ही नहीं था कि वह गर्भवती है। आइए जानते हैं आखिर क्या है पूरा मामला…

यूटा की एक महिला लविनिया मोउंगा विमान के जरिए साल्ट लेक सिटी से होनोलूलू जा रही थी। उड़ान के दौरान महिला को लेबर पेन हुआ, जिसके बाद उसने एक बच्चे को जन्म दिया। जानकारी के अनुसार महिला को इस बात की जानकारी ही नहीं थी कि वह गर्भवती है। शनिवार को लविनिया ने एक ट्वीट में करते हुए लिखा कि मैं बहुत खुश हूं। इससे पहले एक ट्वीट में लविनिया ने होनोलूलू जाने की खुशी जताई थी।

यह मामला तब वायरल हुआ जब उसी विमान में सवार एक यात्री जूलिया हैनसन ने ट्विटर पर यह बताया कि विमान में एक बच्चे का जन्म हुआ है। इस वीडियो में खुशी मनाते और महिला को बधाई देते यात्री दिखाई देते हैं। जूलिया ने कहा, ‘जो लोग यह सोच रहे हैं कि वह अपने तीसरे ट्राइमेस्टर में कैसे उड़ान भर सकी, मैं लविनिया के पिता के पास बैठी थी और उन्होंने बताया कि उन्हें पता ही नहीं था कि वह गर्भवती है।’

कंसास सिटी की एक नर्स लानी बमफील्ड ने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा, अगर किसी को यह जानना है कि हवाई के लिए हमारी यात्रा कैसी रही… यह कुछ इस तरह शुरू हुई। हमने विमान के बाथरूम में डिलिवरी करवाई। हमारे साथ तीन नर्स, एक सहायक फिजीशियन और एक सामान्य डॉक्टर थे। हमने विमान की लैंडिंग से तीन घंटे पहले डिलिवरी करवाई। उन्होंने लिखा, निश्चित तौर पर भगवान हमारे साथ थे।

लविनिया मोउंगा ने अपने बच्चे का नाम रेमंड काइमाना वेड कोबे लवाकी मोउंगा रखा है। विमान लैंड होने के बाद मां और बच्चे को होनोलूलू के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों का स्वास्थ्य ठीक है। लविनिया के पति ईथन मैगले ने फेसबुक पर लिखा कि मैं यह सुनकर हैरान रह गया। उन्होंने अपने बच्चे को चमत्कार करार दिया है। मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना की खूब चर्चा हो रही है।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp