Sunday, November 22, 2026
Latest:
HOMEKATNI

कलेक्टर श्री तिवारी ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर, किया राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

 

कलेक्टर श्री तिवारी ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर, किया राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारं

कटनी,/ जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ रविवार को कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिला चिकित्सालय कटनी के मातृ एवं शिशु परिचर्या भवन में बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ हरसिमरन प्रीत कौर की पुत्री देवांशी (4 वर्ष) एवं पुत्र तेजस (2.5 वर्ष) को भी पोलियो की दवा पिलाई। इसके पश्चात कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में जन्मे 50 नवजात शिशुओं को भी पोलियो की खुराक पिलाई।

कलेक्टर श्री तिवारी ने अभियान के तहत जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद दवा से वंचित नहीं रहना चाहिए।

बताते चलें कि कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर जिले में अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष तक के 1 लाख 73 हजार 153 बच्चों को 1,670 बूथों के माध्यम से पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बूथ दिवस पर छूटे बच्चों को दूसरे एवं तीसरे दिन 3,354 टीकाकरण कर्मचारियों द्वारा घर-घर पहुंचकर दवा पिलाई जाएगी। अभियान की निगरानी के लिए 162 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।

शुभारंभ अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती हरसिमरन प्रीत कौर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, स्वास्थ्य विभाग के नितिन तपा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।