HOME

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर 20 नवंबर को निकलेगी भव्य बाइक रैली केसरिया निशान साहिब के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी रैली, गुरुद्वारा समिति ने संगत और युवाओं से की शामिल होने की अपील

तपन निषाद/कटनी-सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा कटनी द्वारा 20 नवंबर, शुक्रवार को भव्य बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली दोपहर 2 बजे बरही रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न होगी।
रैली बरही रोड गुरुद्वारा से प्रारंभ होकर हीरागंज, नई बस्ती, आदर्श कॉलोनी, चांडक चौक, आजाद चौक, मिशन चौक, बरगवां, माधवनगर गेट, विश्राम बाबा, माधवनगर, बरगवां, मिशन चौक, थाना चौराहा, सुभाष चौक और स्टेशन चौराहा होते हुए वापस गुरुद्वारा पहुंचेगी।
आयोजकों ने बताया कि गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानव समाज को शांति, प्रेम, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनका पावन उद्घोष ‘सतगुरु नानक प्रगट्या, मिट्टी धुंध जग चानन होया’ आज भी समाज को सत्य और सद्भावना के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बाइक रैली निकाली जा रही है।
रैली में बड़ी संख्या में युवा केसरिया निशान साहिब के साथ बाइक पर सवार होकर गुरु नानक देव जी के जयकारे लगाते हुए नगर भ्रमण करेंगे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया जाएगा।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा समिति ने समस्त श्रद्धालुओं, संगत और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होकर गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की खुशियां साझा करने की अपील की है। साथ ही रैली में शामिल होने वाले सभी लोगों से समय पर गुरुद्वारा पहुंचने, अनुशासन बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया है।

Tapan Nishad

Tapan Nishad serves as the Senior Editor at News24you. With extensive experience in journalism and regional news coverage, he ensures that every story published on News24you adheres to the highest standards of fact-checking, accuracy, and editorial integrity before going live Contect: 7000052502 & 9993322038