डेयरी संचालक पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार लूटी गई सोने की चेन, चैननुमा पंच और चाकू बरामद,कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल पर निकाला जुलूस
तपन निषाद/कटनी-पुरानी रंजिश के चलते दूध डेयरी संचालक पर जानलेवा हमला कर सोने की चेन लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित (26) को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, वारदात में प्रयुक्त लोहे का चैननुमा पंच और एक धारदार चाकू बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल पर भी ले जाकर जुलूस निकाला।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को सुख्खन चौक निवासी दूध डेयरी संचालक किशोर तोमर (57) पर जालपा मढ़िया के पास एक गली में हमला किया गया था। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने घात लगाकर किशोर तोमर पर ईंट-पत्थरों और लोहे की चैन से हमला कर उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। इस दौरान उनके गले में पहनी सोने की चेन भी लूट ली गई।
घटना की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 1209/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी) एवं 109(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी जबलपुर रेलवे स्टेशन के आसपास है और ट्रेन से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, लोहे का चैननुमा पंच और धारदार चाकू जब्त किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं 11 मामले
कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय के अनुसार, आरोपी क्षेत्र का आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध पूर्व से 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

