Sunday, October 25, 2026
Latest:
KATNI

नवलेश मलिक सर्वसम्मति से बने शिवाजी सेवा समिति के अध्यक्ष 1952 में स्थापित ऐतिहासिक संस्था के नेतृत्व की मिली जिम्मेदारी, अखाड़े के सर्वांगीण विकास की जगी उम्मीद

तपन निषाद/कटनी-शहर की ऐतिहासिक संस्था शिवाजी सेवा समिति के अध्यक्ष पद पर नवलेश मलिक को सर्वसम्मति से चुना गया है। उनके अध्यक्ष बनने पर खेल प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समिति से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
वर्ष 1952 में स्थापित शिवाजी सेवा समिति कटनी की प्रतिष्ठित संस्थाओं में शामिल है। समिति के अखाड़े की आधारशिला अपने समय के मशहूर अभिनेता पृथ्वीराज कपूर ने रखी थी। यह अवसर कटनी के लिए गौरवशाली पल माना जाता है। स्थापना के समय से ही समिति सामाजिक कार्यों के साथ युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने और कुश्ती जैसी पारंपरिक खेल विधाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अखाड़े का संचालन कर रही है।
समिति के अखाड़े ने कई प्रतिभाशाली पहलवान तैयार किए हैं, जिन्होंने विभिन्न प्रदेशों में कुश्ती प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कटनी का नाम रोशन किया है। वर्ष 1995 में संस्था ने 26 हजार वर्गफुट भूमि क्रय की थी, जिस पर वर्तमान में अखाड़े का संचालन किया जा रहा है।
नवलेश मलिक जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष होने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़े हैं। वे खेलों के प्रति विशेष रुचि रखते हैं। उनके अध्यक्ष बनने से समिति के अखाड़े में आधुनिक खेल उपकरणों की उपलब्धता, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने और परिसर के सर्वांगीण विकास की उम्मीद जताई जा रही है।
कटनी की इस ऐतिहासिक संस्था की जिम्मेदारी मिलने पर नवलेश मलिक को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया गया है कि उनके नेतृत्व में शिवाजी सेवा समिति नई उपलब्धियां हासिल करेगी और कुश्ती की परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी l

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp