News24you

News you are looking for

सेवा सेतु शिविर में वार्ड स्तर पर नागरिकों को मिला शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ,नगर के विभिन्न 6 स्थानों पर आयोजित शिविरों में महापौर जिला अध्यक्ष एवं पार्षद गणों ने सहभागिता कर, किया हितलाभ का वितरण

सेवा सेतु शिविर में वार्ड स्तर पर नागरिकों को मिला शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ,नगर के विभिन्न 6 स्थानों पर आयोजित शिविरों में महापौर जिला अध्यक्ष एवं पार्षद गणों ने सहभागिता कर, किया हितलाभ का वितरण

तपन निषाद/कटनी- शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक सहज, सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत रविवार 4 अक्टूबर को नगर के 6 निर्धारित स्थान पर मेगा सेवा सेतु शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया। दिनभर चले शिविरों में नागरिकों से विभिन्न योजनाओं के आवेदन लिए जाकर पोर्टल पर उनके पंजीकरण की कार्यवाही अभी जारी है। शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों को संबंधित शाखाओं की ओर प्रेषित कर नियमानुसार निराकरण की कार्रवाई की जा रही है।

मेगा शिविर बस स्टैंड ऑडिटोरियम, स्वामी विवेकानंद सभागार, दुर्गा चौक खिरहनी, टी.सी. बजाज स्कूल माधवनगर उप कार्यालय, नगर निगम कार्यालय तथा खेरमाई मंदिर के पास लखेरा में आयोजित किए गए। प्रत्येक केंद्र पर योजनावार काउंटर एवं हेल्प डेस्क की व्यवस्था करते हुए नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

*इन योजनाओं एवं सेवाओं का मिला लाभ*

शिविरों में पीएम स्वनिधि, संबल योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीयन, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, नवीन नल कनेक्शन एवं जलकर, आईएचएसडीपी, भवन अनुज्ञा, फायर एनओसी, नामांतरण एवं कर निर्धारण, ट्रेड लाइसेंस,उच्च शिक्षा विभाग गांव की बेटी योजना, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, आई टी आई, जिला रोजगार कार्यालय सहित विभिन्न योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं से संबंधित प्रकरणों पर कार्यवाही की गई।

निगम कार्यालय में आयोजित शिविर के दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न शिविर स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नागरिकों से संवाद करते हुए योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आ रही समस्याओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण*

शिविर के दौरान महापौर श्रीमती सूरी एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों आनंद कुमार कुशवाहा, शैकत नियाजी, निखिल सेन, शोभा शर्मा सरोज सिंह, राजा सक्तेल, अर्चना चैधरी , रमेश कुमार निर्मार्णी, राजबाई एवं रोहित भारती को हितलाभ का वितरण किया गया वहीं लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत कुमारी अश्वी पटैल को हितलाभ का वितरण किया गया। जबकि श्री अशोक कुमार सोनी चंपाबाई दहिया को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था योजना, माहम्मद अकील को जल प्रदाय की एनओसी, अशोक कुमार बर्मन को मृत्यु प्रमाण पत्र के हितलाभ का वितरण किया गया।वहीं बस स्टैंड जाने कार्यालय में जिलाध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी द्वारा शिविर का निरीक्षण कर हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। इसी प्रकार अलग अलग स्थलों में आयोजित शिविर के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा हितलाभ वितरित किये गए। कार्यक्रम के दौरान मेयर इन काउन्सिल सदस्य सर्व श्री सुभाष साहू , डाॅ रमेश सोनी, उमेन्द्र अहिरवार, सुरेन्द्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, वंदना राजकिशोर यादव, ओमप्रकाश बल्ली सोनी, रेखा संजय तिवारी, रेखा संजय तिवारी, पार्षद सीमा श्रीवास्तव, सुखदेव चौधरी, विनोद लाला भट्टू एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, अनुराग त्रिसोलिया, पूर्व विधायक अलका जैन, पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर टोपनानी, राम रतन पायल, समाजसेवी पारस जैन, सुनील उपाध्याय, आशीष गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

*स्वास्थ्य सेवाओं के साथ योजनाओं की जानकारी भी मिली*

प्रत्येक सेवा सेतु शिविर में स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। इस दौरान शिविर में पहुंचे नागरिकों की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परामर्श दिया गया। इसके के साथ केंद्र एवं राज्य शासन की प्रमुख योजनाओं की जानकारी पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से प्रदान की गई। इससे नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी एक ही स्थान पर मिली।

*सरकार आपके द्वार की अवधारणा को मिला प्रभावी स्वरूप*

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविरों ने शासन की सेवाओं को नागरिकों के नजदीक पहुंचने की अवधारणा को प्रभावी रूप दिया। विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से नागरिकों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली। सेवा सेतु अभियान को ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं ‘जन-विश्वास अभियान’ से जोड़ते हुए प्रशासन द्वारा नागरिक-केंद्रित सुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

शिविर के दौरान उपायुक्त द्वय प्रियंका झरिया, शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, सहायक यंत्री आदेश जैन, मृदुल श्रीवास्तव, सुनील सिंह सहित सभी शिविर स्थलों में जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अन्य अधिकारी कर्मचारियों की उपस्थिति रही।