साध्वी जन कल्याण समिति ने ‘मेरी आंगनवाड़ी मेरी जिम्मेदारी’ के तहत बच्चों को वितरित की ड्रेस

कटनी। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत ‘मेरी आंगनवाड़ी मेरी जिम्मेदारी’ थीम पर आंगनवाड़ी केंद्र मड़ई, परियोजना मुड़वारा, सेक्टर मुड़वारा-3 में समुदाय आधारित पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साध्वी जन कल्याण समिति की ओर से आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को ड्रेस वितरित की गई। नई ड्रेस पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
कार्यक्रम में साध्वी निगम ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर जानकारी देते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थों जैसे मूंग दाल, चना, विभिन्न प्रकार की दालें, मोटे अनाज, चुकंदर और पालक आदि को भोजन में शामिल कर पौष्टिक आहार तैयार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन खाद्य पदार्थों में आवश्यक पोषक तत्व और विटामिन पाए जाते हैं। भोजन में विविधता लाने तथा स्थानीय खाद्य सामग्री के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना पोषण माह का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष पारस जैन भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा से संकल्प’ अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधि ग्राम स्तर पर स्कूल, आंगनवाड़ी और पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
साध्वी जन कल्याण समिति के सदस्यों द्वारा बच्चों को ड्रेस वितरित किए जाने पर बच्चों और उनके पालकों में उत्साह देखा गया। एक जैसी ड्रेस में बच्चों की एकरूपता ने भी उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
रेखा तिवारी ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रूपा बर्मन द्वारा केंद्र में शासन की योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों का नियमित रूप से संचालन किया जाता है। कार्यक्रम में राखी तिवारी, विनीता तिवारी, रक्षा तिवारी, अरवी तिवारी, नित्या तिवारी, आरव तिवारी सहित बच्चों के पालक, महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।








