Monday, November 23, 2026
Latest:
HOMEMADHYAPRADESH

IAS और IPS बनने के लिए राज्य सेवा के अधिकारियों को अभी करना होगा इंतजार

MP में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के आइएएस सवंर्ग में चयन के लिए 33 पद उपलब्ध हैं। इसमें वर्ष 2021 के 19 और 2022 के लिए 14 पद हैं। एक साथ दोनों वर्षों की डीपीसी प्रस्तावित की गई है। इसके लिए आयोग ने 27 फरवरी को बैठक करने की सूचना भी दी थी, लेकिन अपरिहार्य कारण बताकर इसे स्थगित कर दिया गया। विभागीय अधिकारी अब नई तिथि की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

प्रदेश को इस वर्ष 49 आइएएस और आइपीएस अधिकारी मिलने हैं। राज्य सेवा संवर्ग से अधिकारियों का चयन सेवा अभिलेख के आधार पर होना है। इसके लिए सामान्य प्रशासन और गृह विभाग संघ लोक सेवा आयोग को एक साथ दो-दो साल की विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक करने का प्रस्ताव भेज चुके हैं लेकिन अभी तक बैठक की तिथि निर्धारित नहीं हुई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अभी प्रतीक्षा करनी होगी। बैठक अब अप्रैल-मई में संभावित है।

यही स्थिति गृह विभाग के साथ भी है। विभाग ने वर्ष 2021 के 10 और 2022 के छह पदों के लिए डीपीसी करने का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए राज्य पुलिस सेवा के 30 अधिकारियों के सेवा अभिलेख भी भेजे जा चुके हैं लेकिन अभी तक बैठक की कोई सूचना नहीं दी गई है।

मई में सेवानिवृत्त होंगे मुख्य सचिव
मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस 31 मई को सेवानिवृत्त होंगे। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इसके पहले बैठक हो जाएगी। बैंस को छह माह की सेवावृद्धि दी गई है, जो मई में पूरी होगी। यदि बैंस को एक और सेवावृद्धि मिलती है तो ठीक वर्ना सरकार को इस बीच नए मुख्य सचिव की तलाश भी करनी होगी।