Friday, October 30, 2026
Latest:
HOMEMADHYAPRADESH

Ujjain उज्‍जैन में ठंड का कहर, तीन भिखारियों की मौत

Ujjain उज्‍जैन में ठंड का कहर कम नहीं हुआ बीते दिन ठंड के कारण यहां तीन भिखारियों की मौत हो गई।

उज्जैन के महाकाल थाना क्षेत्र में महाराजवाड़ा स्कूल, राम मंदिर की सीढ़ियों तथा गणगौर दरवाजे पर लावारिस हालत में रहने वाले तीन वृद्धों की मंगलवार रात को मौत हो गई। पीएम करने वाले डाक्टर का कहा है कि तीनों मृतकों को हार्ट अटैक आया था। ठंड के कारण ऐसा होने की आशंका है। महाकाल पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम किया है।

महाकाल पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह महाराजवाड़ा पार्किंग के समीप 75 वर्षीय लक्ष्मणदास नामक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला था। मृतक लंबे समय से महाकाल मंदिर के आसपास के क्षेत्र में भिक्षावृत्ति करता था। इसी प्रकार रामघाट के समीप स्थित राम मंदिर की सीढ़ियों पर रहने वाला 70 वर्षीय वृद्ध तथा दानीगेट पर गणगौर दरवाजे के पास स्थित दशोरा धर्मशाला के बाहर भी 70 वर्षीय लावारिस व्यक्ति बुधवार को मृत अवस्था में मिला है। तीनों शवों का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया है। ठंड लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है।

ह्रदय की नसें ब्लाक थीं

शवों का पीएम करने वाले चिकित्सक डा. अजय दंडोतिया का कहना है कि तीनों मृतकों के दिल की नसें ब्लाक थी। आशंका है कि तेज ठंड के कारण तीनों को हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई। बता दें की शहर में लगातार रात का तापमान 7 से 8 डिग्री पर बना हुआ है। मंगलवार रात को भी तापमान 8 डिग्री था।

बीमार युवक की भी मौत

इसी प्रकार जिला अस्पताल में भर्ती शैलूसिंह उम्र 30 वर्ष निवासी तारखेड़ी झाबुआ की भी मौत हो गई। मृतक को दो दिन पूर्व बीमारी की हालत में बड़नगर रोड से अस्पताल लाया गया था। डा. दंडोतिया के अनुसार मृतक के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। वह लंबे समय से बीमार था।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp