Saturday, October 31, 2026
Latest:
HOMEखेलराष्ट्रीय

P V Sindhu: पीवी सिंधु 2022 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दुनिया की 12वीं महिला एथलीट

P V Sindhu:  फोर्ब्स की पिछले सप्ताह जारी सूची के मुताबिक, पीवी सिंधु 2022 में दुनिया की 12वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला एथलीट हैं। 27 वर्षीय स्टार भारतीय शटलर अमेरिकी मैगजीन द्वारा जारी शीर्ष 25 महिला एथलीटों की सूची में एकमात्र भारतीय हैं। महिला शटलर में विश्व नंबर छह सिंधु ने राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता था।

उससे पहले जनवरी में लखनऊ में सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल, मार्च में स्विस ओपन और जुलाई में सिंगापुर ओपन टूर्नामेंट भी जीता था। राष्ट्रमंडल खेलों के बाद से सिंधु चोट के कारण नहीं खेल रही हैं। हालांकि, फिर भी वह अपने विश्व रैंकिंग को बनाए रखने में सफल रही हैं।

सिंधु अब इस महीने के अंत में नई दिल्ली में इंडिया ओपन में खेलती दिखाई देंगी। फोर्ब्स द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, सिंधु की 2022 में कुल कमाई 7.1 मिलियन डॉलर यानी 59 करोड़ रुपये थी। सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला एथलीट्स में जापान की टेनिस प्लेयर नाओमी ओसाका शीर्ष पर हैं। उनके बाद यूएसए की दिग्गज टेनिस प्लेयर सेरेना विलियम्स का नंबर आता है।

सिंधु से अधिक वेतन पाने वाले 11 एथलीटों में से सात टेनिस प्लेयर हैं। एलिएन गू (फ्रीस्टाइल स्कीइंग, चीन), सिमोना बाइल्स (जिम्नास्टिक्स, यूएसए), मिंजी ली (गोल्फ, ऑस्ट्रेलिया) और कैंडेस पार्कर (बास्केटबॉल, यूएसए) ही सिर्फ अन्य खेलों से हैं, जिन्होंने सिंधु से अधिक कमाई की है।

यह भी पहली बार है जब आठ महिला एथलीट्स ने 10 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की है। खासतौर पर सिंधु ने सात मिलियन डॉलर की कमाई मैदान से बाहर यानी एडवरटाइजमेंट और किसी प्रोडक्ट के प्रमोशन से की है। उनसे ज्यादा कमाई करने वालों में सिर्फ सिमोन बाइल्स की ऑन-फील्ड कमाई सिंधु से कम है।

2022 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली शीर्ष 12 महिला एथलीट:

एथलीट देश खेल करोड़
रुपये
नाओमी ओसाका जापान टेनिस 423
सेरेना विलियम्स यूएसए टेनिस 341
एलीएन गू चीन स्कीइंग 166
एम्मा रादुकानू यूके टेनिस 154
इगा स्वियाटेक पोलैंड टेनिस 123
वीनस विलियम्स यूएसए टेनिस 100
कोको गॉफ यूएसए टेनिस 91
सिमोन बाइल्स यूएसए जिमनास्टिक्स 82
जेसिका पेगुला यूएसए टेनिस 63
मिंजी ली ऑस्ट्रेलिया गोल्फ 60
कैंडेस पार्कर यूएसए बास्केटबॉल 60
पीवी सिंधु भारत बैडमिंटन 59

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp