Monday, November 2, 2026
Latest:
Corona newsHOME

Omicron Update सावधान: देश में ओमिक्रॉन मामलों की संख्या 101 पहुंची

Omicron Update : देश में एक तरफ कोरोना वायरस के मामले कम हो रहे हैं, तो दूसरी तरफ कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ‘ओमिक्रॉन’ से संक्रमण की संख्या बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अब तक ओमिक्रॉन के 101 मामले सामने आ चुके हैं, और ये 11 राज्यों में पहुंच चुका है।

स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। जिन राज्यों में ओमिक्रॉन के केस बढ़ रहे हैं वहां सरकार और प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये गये हैं, ताकि इसे और ज्यादा फैलने से रोका जा सके। स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि भारत में स्थिति अभी तुलनात्मक रुप से नियंत्रित स्थिति में है, लेकिन हमें दुनिया के हालातों को देखते हुए सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने आगाह किया है कि कोरोना का ओमिक्रॉन (Omicron) वेरिएंट जल्द ही दुनिया भर में सबसे ज्यादा मामलों वाला वेरिएंट बन सकता है।

ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में आए हैं, जहां अब तक कुल 32 मरीज मिल चुके हैं। इसके बाद दिल्ली में 20 और राजस्थान में 17 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं तेलंगाना और कर्नाटक में 8-8 जबकि केरल और गुजरात में 5-5 केस सामने आ आए हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और चंडीगढ़ में 1-1 केस मिले हैं।

अच्छी बात ये है कि दुनिया में वैक्सीनेशन की रफ्तार के मामले में भारत पहले स्थान पर है। अब तक देश में 135.99 करोड़ टीके की खुराक दी जा चुकी है। भारत में 87.6 फीसदी लोगों को कोरोना वैक्सीन की कम से कम एक डोज लग चुकी है। यानी अमेरिका के मुकाबले भारत में करीब तीन गुना ज्यादा वैक्सीन लगाई जा चुकी है। देश में कोरोना के कुल मामलों में भी गिरावट आई है। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 7,447 नए केस सामने आए हैं।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp