HOMEराष्ट्रीय

सीएम उद्धव ठाकरे करेंगे जनता को संबोधित, लग सकता है कंप्लीट लॉकडाउन

महाराष्ट्र में आज संपूर्ण लॉकडाउन का ऐलान हो सकता है। आज रात साढ़े 8 बजे मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे जनता को संबोधित करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी संबोधन में सीएम लॉकडाउन और उससे जुड़े नियमों के बारे में चर्चा करेंगे।

आपको बता दें कि कोरोना के मामले में देश के सभी राज्यों में, सबसे ज्यादा खराब स्थिति महाराष्ट्र की ही है। यहां एक्टिव मामलों की संख्या सबसे ज्यादा 5 लाख 66 हजार से ज्यादा है। दूसरे नंबर पर छत्तीसगढ़ है, जहां इनकी संख्या 98 हजार के आसपास है। यानी कोरोना संक्रमण के मामले में दूसरे सबसे प्रभावित राज्य से 5 गुना ज्यादा मामले। सोमवार को भी यहां एक दिन में 50 हजार से अधिक नये मामले दर्ज किये गये।

इस बात के पूरे संकेत मिल रहे हैं कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे लॉकडाउन का मन बना चुके हैं। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री असलम शेख ने संकेत दिए हैं कि मंगलवार शाम तक महाराष्ट्र में कड़क लॉकडाउन का ऐलान हो सकता है। वैसे कोरोना की चेन तोड़ने में महाराष्ट्र के अमरावती का मॉडल बहुत सफल पाया गया है। अब पूरे प्रदेश में अमरावती की तर्ज पर लॉकडाउन लगाया जा सकता है।

Show More
Back to top button