News24you

News you are looking for

चार दिन में जो करना है कर लो..UP सीएम योगी आदित्यनाथ को धमकी

yogi

लखनऊ । Threatened to CM Yogi: यूपी 112 कंट्रोल रूम के वाट्सएप नंबर पर मैसेज कर उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी गई। मैसेज मिलते ही आलाधिकारियों ने अलर्ट जारी कर दिया। कंट्रोल रूम मुख्यालय 112 के ऑपरेशन कमांडर अंजुल कुमार की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सर्विलांस समेत पुलिस की कई टीमें संदिग्ध नंबर की पड़ताल करने के साथ ही उसकी लोकेशन ट्रेस करने में लग गईं हैं।

जानकारी के मुताबिक बीते 29 अप्रैल को देर शाम 7ः58 बजे यूपी पुलिस कंट्रोल रूम 112 के वॉट्सऐप नंबर पर एक अंजान नंबर से मैसेज आया था। मैसेज में सीएम योगी को पांचवें दिन जान से मार देने की धमकी दी गई थी। मैसेज में धमकी देने वाले ने कहा कि चार दिन के अंदर मेरा जो कुछ कर सकते हो कर लो। मैसेज की जानकारी पुलिस कर्मियों ने कंट्रोल रूम के ऑपरेशन कमांडर मुख्यालय अंजुल कुमार को दी। अंजुल कुमार ने आलाधिकारियों को बताया। इसके बाद एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने एडीसी सुरक्षा मुख्यालय समेत अन्य जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने आनन-फानन अलर्ट जारी किया। इसके बाद ऑपरेशन कमांडर कंट्रोल रूम अंजुल कुमार की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में धमकी देने वाले नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारियों ने नंबर की लोकेशन ट्रेस करने एवं धमकी देने वाले की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस समेत पुलिस की कई टीमें लगी हैं। टीमें आरोपित की तलाश में दबिश दे रही हैं।

पहले भी मिल चुकी है धमकी
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी गई हो। पिछले साल मई, सितंबर और दिसंबर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी का फोन डायल-112 पर क‍िया गया है।