Tuesday, November 3, 2026
Latest:
HOMEMADHYAPRADESH

बड़ी खबर: MP में कोरोना से दिवंगत के परिजनों को मिलेगी 1 लाख की अनुग्रह राशि, CM शिवराज का ऐलान

भोपाल। कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने कोरोना वायरस से मरने वालों के परिजनों को 1 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना से मौत होने पर पीड़ित परिवार को 100000 रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। गुरुवार को यह घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि जो व्यक्ति इस दुनिया में नहीं रहा उसकी पूर्ति तो सरकार नहीं कर सकती लेकिन सरकार की कोशिश है कि हर पीड़ित परिवार को कुछ न कुछ राहत मिल पाए। इसके पहले मुख्यमंत्री कोरोना वारियर्स के परिजनों को 50 लाख रूपये व पत्रकारों की मृत्यु होने पर उनके परिजनो को 4-4 लाख रुपए देने की घोषणा कर चुके हैं। इसके साथ ही कोरोना के चलते अनाथ हुए बच्चों के लिए 21 वर्ष की आयु पूरी होने तक 5000 रूपये प्रतिमाह की पेंशन, मुफ्त राशन व मुफ्त शिक्षा देने की घोषणा भी सरकार कर चुकी है। शिवराज ने पहले यह साफ कर दिया है कि आयुष्मान कार्डधारी हर परिवार का इलाज निजी व सरकारी अस्पतालों में निशुल्क कराया जाएगा। इसके साथ ही सरकार ने यह भी घोषणा की है कि ब्लैक फंगस को भी अब सरकार आयुष्मान कार्डधारियों के लिए इलाज की पात्रता में लाएगी और इसका भी मुफ्त इलाज किया जाएगा।

इससे पहले गुरूवार को कोरोना की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण तेजी से कम हो रहा है अधिकांश जिलों में सप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट (positivity rate) 10% से कम रह गई है और नए केसों में लगातार कमी देखी जा रही है। वही सीएम शिवराज ने एरिया स्पेसिफिक (area specific) रणनीति बनाए जाने और आगामी 31 मई तक कोरोना संक्रमण को समाप्त करने की बात पर जोर दिया है।

यह फैसला भाजपा विधायक दल की कोरोना पर की गई चर्चा के बाद लिया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ भाजपा संगठन मंत्री सुहास भगत और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा बैठक भी वर्चुअल बैठक में मौजूद थे। सीएम शिवराज ने संकेत दिए हैं कि मध्यप्रदेश में 31 मई के बाद लॉकडाउन से राहत मिलने लगेगी।

बता दें राज्य में पहली बार 18 मई को एक दिन में 72 हजार से ज्यादा करोना के सैंपल टेस्ट की रिपोर्ट में 5,065 पॉजिटिव केस मिले। संक्रमण दर भी घटकर 7% हो गई है। बुधवार को 5065 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 747783 हो गई है। बुधवार को कोरोना संक्रमित 88 मरीजों की मौत हुई है, जिसके बाद मरीजों की मौत का आंकड़ा बढ़कर 7227 हो गया है। आज 10337 संक्रमित मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। अब तक प्रदेश में 6,62,949 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 77607 मरीज एक्टिव हैं।

Anubhav Shukla

Website Developer & Editor with 3 years of experience in regional news reporting and Managing News Website. Mobile: +919425156783 💬 Chat on WhatsApp