Vinod dua:वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन, बीमारी के बाद अस्पताल में थे भर्ती

Vinod dua वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का आज निधन हो गया। उनकी बेटी मल्लिका दुआ ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उनका अंतिम संस्कार कल होगा। विनोद दुआ काफी दिनों से बीमार चल रहे थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मल्लिका दुआ ने इंस्टाग्राम पर लिखा, हमारे निर्भीक और असाधारण पिता विनोद दुआ का निधन हो गया है। उन्होंने शानदार जिंदगी को जिया, दिल्ली की एक शरणार्थी कॉलोनी में पले-बढ़े और 42 साल तक पत्रकारिता की दुनिया में नाम कमाया, वह हमेशा सच की आवाज उठाते रहे। अब वह हमारी मां के साथ हैं, उनकी पत्नी चिन्ना स्वर्ग में हैं जहां वे गाएंगे, खाना बनाएंगे और एक साथ यात्रा करेंगे। उनका अंतिम संस्कार कल (15.12.21) लोधी श्मशान घाट में होगा।

मल्लिका ने दी थी तबियत बिगड़ने की जानकारी
कुछ दिनों पहले तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उनकी बेटी मल्लिका दुआ ने विनोद दुआ की हालत गंभीर होने की जानकारी दी थी। मल्लिका ने अपने इंटाग्राम पर भावुक पोस्ट लिखते हुए कहा था कि उनके पिता की हालत गंभीर है, उनके लिए दुआ करें कि उन्हें कम से कम तकलीफ हो।

कोरोना से हुई थी पत्नी की मौत
इससे पहले कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान विनोद दुआ और उनकी पत्नी चिन्ना दुआ कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। तब चिन्ना दुआ की मौत हो गई थी।

मीडिया में एक जाना-माना नाम
67 साल के विनोद दुआ मीडिया में एक जाना पहचाना नाम थे। विनोद दुआ ने दूरदर्शन के लिए भी काम किया था। कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान विनोद दुआ और उनकी पत्नी को गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनकी पत्नी की मौत हो गई थी। इसके बाद से ही विनोद दुआ की सेहत में लगातार गिरावट आती रही।

 

Exit mobile version