HOME

विकसित भारत मोदी जी की गारंटी अभियान में मांगे जाएंगे जनता से सुझाव, जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने विकसित भारत मोदी जी की गारंटी अभियान के तहत सुझाव पेटी और मिस्ड कॉल नंबर को किया लॉन्च

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल होंगे जनता के महत्वपूर्ण राय

कटनी। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री दीपक सोनी टंडन ने आज जिला कार्यालय में विकसित भारत मोदी जी की गारंटी अभियान के तहत संकल्प पत्र के लिए सुझाव पेटी और मिस्ड कॉल नंबर 9090902024 को लॉन्च किया।

जिलाध्यक्ष श्री टण्डन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी अमृतकाल में 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। विकसित भारत कैसा हो इसके लिए देश और प्रदेश की जनता की राय जानने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने विकसित भारत मोदी की गारंटी अभियान शुरू किया है। इस अभियान के दौरान जनता से प्राप्त सुझावों को इसी साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी के संकल्प पत्र में शामिल किया जाएगा। श्री टण्डन ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत जनता को मोदी सरकार की बीते 10 वर्षों की उपलब्धियों से अवगत कराया जाएगा।

विकसित भारत को लेकर जानेंगे जनता की राय

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत मोदी की गारंटी अभियान को जम्मू कश्मीर से लांच कर चुके हैं। मध्यप्रदेश में भी यह अभियान लांच हो चुका है और अब इसे लोकसभा और विधानसभा स्तर पर लांच किया जाएगा। लोगों से सुझाव लेने के लिए विभिन्न स्थानों पार्टी की बैठकों कार्यक्रमों में सुझाव पेटियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा 9090902024 पर मिस्ड कॉल करके अथवा नमो एप डाउनलोड करके भी लोग अपने सुझाव दे सकेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान लोकसभा में एलईडी प्रचार रथ घूमेंगे। छोटी-छोटी नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर लोगों से उनके सुझाव लिए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा बूथ स्तर पर प्रत्यक्ष जनसंपर्क के माध्यम से भी लोगों से सुझाव लिये जाएंगे।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि इस अभियान में पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सभी प्रकोष्ठ जिला विधानसभा स्तर पर संबंधित व्यवसायिक समूहों के साथ समाज के विभिन्न वर्गाे से परिचर्चा एवं संवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिनके माध्यम से संकल्प पत्र के लिए सुझाव एकत्र किए जाएंगे। अभियान के दौरान विभिन्न व्यवसायिक समूहों जैसे, बुद्धिजीवी चार्टर्ड एकाउंटेंट्स अधिवक्ता शिक्षक डॉक्टर आईटी प्रोफेशनल्स उद्योगपति एवं व्यापारी कलाकार गायक सेलेब्रिटीज खिलाड़ी इंजीनियर पूर्व सैनिक पत्रकारों आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं स्व सहायता समूहों सहकारी कार्यकर्ताओं सरकारी कर्मचारी लाभार्थी कारीगरों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों आदि की अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी और उनसे सुझाव लिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जिले में इस अभियान के लिए एक कैलेंडर तैयार किया जाएगा जिसमें यह बताया जाएगा कि कब कहां किस वर्ग या व्यावसायिक समूह का सम्मेलन होगा तथा पार्टी की ओर से कौन नेता या जनप्रतिनिधि उनसे सुझाव एकत्र करेगा।

 

जिलाध्यक्ष ने बताया कि 15 मार्च तक अभियान को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।उसके बाद सुझाव पत्रों को संकल्प पत्र के लिए भेजा जाएगा। 8 से 10 मार्च तक देश भर में घर घर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। संकल्प पत्र में सुझावों के लिए आमजन से लेकर खिलाड़ियों, वकीलों या अन्य समाज की प्रतिष्ठित संस्थाओं व्यक्तियों के साथ गोष्ठी और संवाद किया जायेगा। नमो एप के माध्यम से 10 करोड़ ब्रांड एंबेसडर बनाए जाएंगे और देशभर से संकल्प पत्र के लिए एक करोड़ सुझाव लिए जाएंगे।
पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष श्री दीपक सोनी टण्डन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री रामरतन पायल, श्री पीताम्बर टोपनानी, श्री शशांक श्रीवास्तव, जिला महामंत्री श्री सुनील उपाध्याय, उपाध्यक्ष श्री रणवीर कर्ण, श्री आशुतोष शुक्ला, श्री अम्बरीष वर्मा, श्री सचिन तिवारी उपस्थित थे।

 

Show More

Related Articles

Back to top button