
होली के दिन मारपीट कर बुजुर्ग की हत्या, पति-पत्नी 24 घंटे में गिरफ्ता
कटनी। होली के दिन पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट में एक बुजुर्ग की मौत के मामले में स्लीमनाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति-पत्नी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 को ग्राम कौड़ियां निवासी दुर्गेश बेन ने थाना स्लीमनाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि लल्लू उर्फ मुकेश बेन और उसकी पत्नी रैना बाई ने पुरानी रंजिश के चलते लाठी से उसके और उसके पिता किशोरीलाल बेन के साथ मारपीट की। मारपीट में गंभीर रूप से घायल किशोरीलाल की मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 134/26 धारा 109(1), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी लल्लू उर्फ मुकेश बेन (40) और उसकी पत्नी रैना बाई (38) निवासी ग्राम धनवाही थाना स्लीमनाबाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया तथा एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना प्रभारी सुदेश समन और उनकी टीम ने की। कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनिल यादव, सहायक उपनिरीक्षक मथुरा प्रसाद, मानकी धुर्वे सहित पुलिस स्टाफ और साइबर सेल के कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।








