HOMEराष्ट्रीय

नागपुर के कोविड सेंटर में आग से एक महिला समेत 4 की मौत

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में शुक्रवार रात एक कोविड हॉस्पिटल में आग लग गई। इससे एक महिला समेत कुल 4 लोगों की मौत हुई है। हॉस्पिटल में कुल 27 मरीजों का इलाज चल रहा था। नागपुर GMC के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. नअविनाश ने बताया कि तीन डेड बॉडी गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाई गई हैं।

वहीं, पुलिस का कहना है कि सभी मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। हम उनकी सेहत के बारे में कुछ नहीं कह सकते। अस्पताल को खाली करा लिया गया है।

ICU की एसी यूनिट से फैली आग
एक अधिकारी के मुताबिक, यह घटना रात करीब 8.10 बजे हुई। यह एक प्राइवेट हॉस्पिटल है। और शहर के वाडी इलाके में है। बताया जाता है कि आग की शुरुआत दूसरे फ्लोर पर बने ICU की एसी यूनिट से हुई। अच्छी बात यह रही कि आग इससे बाहर नहीं फैली। नागपुर महानगर पालिका (NMC) के फायर ब्रिगेड अफसर राजेंद्र उचके ने बताया कि आग लगने की सूचना पर दमकल की गाड़ियों को अस्पताल पहुंचाया गया। आग लगने के वक्त दूसरी मंजिल पर 10 मरीज थे। छह मरीज खुद से बाहर आ गए। वहीं 4 को दमकलकर्मियों ने बचाया।

सवालों के घेरे में अस्पतालों का फायर सेफ्टी सिस्टम
करीब तीन महीने पहले महाराष्ट्र के ही भंडारा में जिला अस्पताल में आग से 10 नवजातों की मौत हो गई थी। इसकी वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई थी। मरने वाले बच्चों की उम्र एक दिन से लेकर 3 महीने तक थी। जांच में पता चला था कि अस्पताल में आग बुझाने के कोई इंतजाम ही नहीं थे। कोई इमरजेंसी एग्जिट भी नहीं था। दो साल पहले एक RTI में यह खुलासा हो गया था। इसके बावजूद इसमें सुधार नहीं किया गया।

इससे पहले सितंबर 2020 में राज्य के कोल्हापुर में एक सरकारी अस्पताल में आग लगी थी। छत्रपति प्रमिला राजे शासकीय अस्पताल में हुई इस घटना का कारण भी शॉर्ट सर्किट बताया गया था। इस अस्पताल में कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा था। उस समय यहां 400 से ज्यादा मरीज एडमिट थे। हालांकि, आग से उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ था।

नागपुर में 6,489 नए मामले सामने आए
इस बीच नागपुर में आज पिछले 24 घंटे में कोरोना के 6,489 नए मामले सामने आए। 64 मरीजों की मौत हो गई। इस दौरान 2,175 मरीज डिस्चार्ज हुए। जिले में अब एक्टिव केस की संख्या 49,347 हो गई है। कुल 5,641 लोगों की मौत हो चुकी है। दूसरी ओर, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में राज्य में 58,993 नए मामले सामने आए जबकि इस दौरान 301 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में एक्टिव केस की संख्या 5 लाख को पार कर गई है।

Show More

Related Articles

Back to top button