MADHYAPRADESH

मध्यप्रदेश में फिर प्रशासनिक सर्जरी, IAS के तबादले

मध्यप्रदेश में फिर प्रशासनिक सर्जरी, IAS के तबादले
भोपाल। सरकार ने शनिवार देर रात नगर निगम भोपाल की कमिश्नर छवि भारद्वाज को हटा दिया। उन्हें पर्यटन विकास निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है। भारद्वाज की जगह टीकमगढ़ कलेक्टर प्रियंका दास भोपाल नगर निगम की नई कमिश्नर होंगी। इसके अलावा दो अन्य आईएएस अधिकारियों के तबादले भी शनिवार को सरकारी छुट्टी के दिन किए गए।
सामान्य प्रशासन विभाग ने देर रात तबादला आदेश जारी किए। इसमें मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक एम. सेलवेंद्रम को अपर सचिव राजस्व के साथ अपर आयुक्त भू-अभिलेख ग्वालियर पदस्थ किया गया है। वहीं, मिशन संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. संजय गोयल को प्रबंध संचालक मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी बनाया गया है। आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. पल्लवी जैन गोविल को मिशन संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का अतिरिक्त प्रभार दिया है।
छवि भारद्वाज के पर्यटन विकास निगम में कार्यभार ग्रहण करने पर हरिरंजन राव प्रबंध संचालक के पद से मुक्त हो जाएंगे। राव की मूूल पदस्थापना आयुक्त पर्यटन रहेगी।
सूत्रों के मुताबिक भारद्वाज की नगर निगम में कुछ लोगों के साथ पटरी नहीं बैठ रही थी। पार्किंग और होर्डिंग जैसे मामलों को उनके गहरे मतभेद बताए जा रहे हैं। वहीं, प्रियंका दास नगरीय विकास में रह चुकी हैं। एक बार पहले भी उन्हें कमिश्नर बनाए जाने की कवायद हुई थी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button