HOME

तीनों भारतीय सेना लड़ेंगी कोरोनावायरस से, सरकार ने की बड़ी लड़ाई की तैयारी

नई दिल्ली। कोरोनावायरस के बढ़ते दायरे और खतरे को भांपते हुए भारत सरकार ने तीनों सेनाओं को तैयारी के आदेश दिए हैं। सरकार ने जल, थल और वायुसेना से आने वाले दिनों में 2500 से ज्यादा कोरोनावायरस के संभावित मामलों को संभालने के लिए आइसोलेशन की सुविधा वाली व्यवस्था करने के लिए कहा है। इतना ही नहीं इस बीमारी के देश में बढ़ते खतरे को देखते हुए इस माह आंध्र प्रदेश में होने वाली 42 देशों की मिलान मल्टीलैट्रल नेवल एक्सरसाइज को भी टाल दिया गया है।

देश में छह मरीजों के पॉजिटिव होने की पुष्टि
दरअसल देश में कोरोनावायरस के मरीजों की तादाद बढ़ रही है। मंगलवार को जयपुर में भी एक संदिग्ध मरीज में COVID-19 को पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद देश में कोरोनावायरस के पॉजिटिव मरीजों की तादाद अब छह हो गई है। इससे पहले सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने दिल्ली के पहले और तेलंगाना के एक नए पॉजिटिव केस के साथ देश में अब तक इसके सामने आए पांच मामलों की पुष्टि की थी।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के आगरा में कोरोनावायरस के छह संभावित नए मामले मिलने के बाद खलबली मच गई है। इन संदिग्धों के सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया है। जबकि दिल्ली और नोएडा में कोरोनावायरस के चलते कई स्कूलों ने अगले सप्ताह तक की छुट्टी घोषित कर दी है।
कई देशों के मिलान नौनेसा अभ्यास को टाला गया
अब भारतीय नौसेना ने मंगलवार को कोरोनावायरस की गंभीरता को भांपते हुए आगामी 18 मार्च से विशाखापट्टनम में आयोजित होने वाली मिलान बहुपक्षीय नौसेना अभ्यास को टाल दिया है। इस बहुपक्षीय नौसेना अभ्यास में अमरीका, रूस समेत 42 देशों को आमंत्रित किया गया था। केंद्र सरकार के सूत्रों के मुताबिक इस अभ्यास के लिए नई तारीखों की घोषणा पर काम किया जा रहा है।
इस संबंध में भारतीय नौसेना द्वारा घोषणा की गई कि कोरोनावायरस को लेकर यात्रा प्रतिबंधों और प्रतिभागियों की सुरक्षा के मद्देनजर 18 से 28 मार्च तक चलने वाले इस अभ्यास को टाल दिया गया है। अब इसकी तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button