HOMEMADHYAPRADESH

Bjp News: 24 जनवरी को भोपाल में आयोजित होगी भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक, प्रदेश अध्यक्ष VD शर्मा ने दी जानकारी

प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया से साझा की दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक की जानकारी  

भोपाल। हमारा नेतृत्व, हमारी केंद्र और राज्य सरकारों की गरीब कल्याण की योजनाएं और हमारा संगठन तंत्र हमारी ताकत है। इन्हीं के बल पर मध्यप्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में गुजरात जैसी आंधी चलेगी। 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में जीत का इतिहास बनेगा और हम 200 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कही। श्री शर्मा ने दिल्ली में 16 और 17 जनवरी को आयोजित पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक की जानकारी भी मीडिया से साझा की।

देश के अमृतकाल में अपनी भूमिका का निर्वाह करें कार्यकर्ता

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा सहित अन्य नेताओं का मार्गदर्शन मिला। बैठक में राजनीतिक एवं सामाजिक-आर्थिक प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अलावा भारत की अध्यक्षता में हो रहे जी-20 सम्मेलन तथा लोगों का जीवन बदल रही केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर दो वक्तव्य भी जारी किए गए। इसके अलावा 9 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए विजय का संकल्प भी पारित किया गया। श्री शर्मा ने बताया कि बैठक के समापन सत्र में प्रधानमंत्री श्री मोदी का हृदयस्पर्शी उद्बोधन हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरक मंत्र की तरह है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि देश का अमृतकाल चल रहा है और बहुत सारे सुखद बदलाव देश में दिखाई दे रहे हैं। देश दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और वैश्विक जीडीपी में देश का योगदान बढ़कर 3.6 प्रतिशत हो गया है। स्वच्छता का अभियान अब एक जन अभियान बन गया है और पूरा देश ही स्वच्छ राष्ट्र बनने की ओर बढ़ रहा है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरीडोर, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम, महाकाल लोक का निर्माण जैसे घटनाक्रम देश के सांस्कृतिक अभ्युदय को रेखांकित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आह्वान किया कि पार्टी कार्यकर्ता इस अमृतकाल में राजनीतिक के साथ-साथ अपनी सामाजिक भूमिका का भी निर्वाह करें। धरती की पुकार को सुनें और उसे रसायनों से मुक्त कराने के लिए काम करें। क्लाइमेट चेंज के दुष्प्रभावों को रोकने के लिए अपने स्तर पर काम करें। उस युवा पीढ़ी को देश के इतिहास से परिचित कराएं, सुशासन से जोड़ें, जिसने देश के संघर्ष को नहीं देखा है।

गुजरात के चुनाव परिणामों ने दी नई दिशा

श्री शर्मा ने कहा कि कार्यसमिति की बैठक में गुजरात में मिली अभूतपूर्व सफलता के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी का अभिनंदन किया गया। इन चुनावों ने देश में राजनीति को एक नई दिशा दी है। चुनाव परिणामों ने बता दिया कि 27 साल की सत्ता में भी प्रो इन्कमबेंसी किस तरह बरकरार रहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने वहां सुशासन के जिस अभियान का सूत्रपात किया था, उसी का परिणाम है कि वहां भाजपा को 53 प्रतिशत वोट मिले और पार्टी ने 182 में से 156 सीटों पर जीत हासिल की। उन्होंने बताया कि गुजरात की यह सफलता एक मॉडल बन गई है, जिसे अन्य राज्यों में भी लागू किया जाएगा।

आगामी कार्यक्रमों पर हुआ विचार, प्रदेश कार्यसमिति बैठक 24 को  

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर विचार विमर्श किया गया। इसके अनुसार आगामी 24 जनवरी को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। 26 जनवरी को सभी जिलों में तथा 27 जनवरी को सभी मंडलों में कार्यसमिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी। 28 जनवरी को शक्ति केंद्र स्तर पर बैठकें आयोजित होंगी और 29 जनवरी को सभी 64100 बूथों पर प्रधानमंत्री श्री मोदी जी का मन की बात कार्यक्रम सुना जाएगा तथा बैठकें होंगी। पांच फरवरी को संत रविदास जयंती है और 5 से 25 फरवरी तक मध्यप्रदेश सरकार पूरे प्रदेश में विकास यात्राएं निकालेगी। विधानसभा स्तर पर आयोजित होने वाली इन यात्राओं में प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और पार्टी के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। 11 फरवरी को पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि समर्पण दिवस के रूप में मनाई जाएगी एवं 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मध्यप्रदेश में भी मिलेगी शानदार सफलता

श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश बूथों के डिजिटाइजेशन के अभियान में देश में शीर्ष पर रहा है, अब बूथों को और भी अधिक सशक्त तथा सक्षम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश में भी शानदार सफलता हासिल की जाएगी। 51 प्रतिशत वोट हासिल करने के लक्ष्य के साथ प्रत्येक बूथ, बूथ समिति, पन्ना प्रमुख और पन्ना समिति को और सुदृढ़ बनाया जाएगा।

कौन झूठ बोलता है, भ्रम फैलाता है, जनता जानती है

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने विकास यात्राओं के बारे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की टिप्पणी के संबंध में किए गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में कौन झूठ बोल रहा है, क्या सच है और क्या नौटंकी है, जनता सब जानती है। श्री शर्मा ने कहा कि विकास यात्राओं के माध्यम से हम प्रदेश सरकार की जीवन बदलने वाली योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक ले जा रहे हैं। पूरा प्रदेश जानता है कि 2003 के पहले प्रदेश की क्या स्थिति थी। मि. बंटाढार की सरकार ने प्रदेश को दुरावस्था की ओर ढकेल दिया था। कमलनाथ ने भी अपनी 15 महीने की सरकार में गरीबों के हक और अधिकार छीनकर वल्ल्भ भवन को भ्रष्टाचार को अड्डा बना दिया था। भाजपा की सरकार आने के बाद प्रदेश में जो काम किए गए हैं, उनके चलते भाजपा और विकास एक-दूसरे के पर्याय बन गए हैं और यह तथ्य किसी से छिपा नहीं है।

Show More

Related Articles

Back to top button