शहर

कटनी भाजपा संगठन में जल्द ही बड़े स्तर पर संगठनात्मक सर्जरी

कटनी भाजपा संगठन में जल्द ही बड़े स्तर पर संगठनात्मक सर्जरी

कटनी। भाजपा में संगठन स्तर पर जल्द ही बड़ी सर्जरी होगी। जानकारी के अनुसार पार्टी आलाकमान ने जिला पदाधिकारियों तथा सभी मंडल और मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों का पूरा ब्यौरा तलब किया है। माना जा रहा है कि भाजपा के जिला संगठन में करीब 5 पदाधिकारियों को हटाया जा सकता है। कुछ पदाधिकारियों का प्रमोशन भी हो सकता है, जबकि कुछ के पदों में फेरबदल भी हो सकता है। चौंकाने वाली बात यह भी है कि संगठन के अलावा लाभ के पद एल्डरमैन को भी बदलने की सुगबुगाहट चल रही है, और भाजपा के ही सूत्र बताते हैं कि कटनी नगर निगम के 3 एल्डरमैन को बदला जा सकता है। इसमें वे शामिल हैं जिन्हें नगर निगम का अनुभव नहीं या फिर वह सक्रिय नहीं हैं। संभव यह भी है कि भाजपा एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत पर चलते हुए किसी से सत्ता में लाभ का पद वापस ले सकती है,जबकि कुछ को वापस संगठन में भेज सकती है। यह सबकुछ पितृपक्ष के बाद ही होगा। खबरों के अनुसार नवरात्र में भाजपा संगठन में फेरबदल के संकेत मिल रहे हैं।
भाजपा सूत्रों से जो जानकारी मिल रही है उसके अनुसार दो जिला उपाध्यक्ष और दो जिला मंत्री बदले जा सकते हैं। इसके अलावा कुछ पदाधिकारियों को प्रमोशन दिया जा सकता है। यही नहीं करीब 5 अन्य पदाधिकारियों के पदों को हटाने या फिर इन्हें किसी दूसरी जिम्मेदारी भी दी जा सकती है। पार्टी के अंदर चर्चा है कि इनमें वे पदाधिकारी शामिल हैं जिन पर कुछ आरोप भी लगे हैं। या फिर वे भाजपा की राजनीति में सक्रिय नहीं रहते। चर्चा में हटाये जाने वाले पदाधिकारियों में कुछ नाम भी सामने आ रहे हैं लेकिन संगठन के पदाधिकारी में ये कौन पदाधिकारी हैं इस बारे मे कोई भी खुल कर कहने को तैयार नहीं है। जानकारी के अनुसार विभिन्न सरकारी समितियों में भी जल्द ही नियुक्तियां कर दी जाएंगी। दरअसल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मध्यप्रदेश दौरे के दौरान प्रदेश में कई सरकारी समितियों के पद खाली रहने की बात प्रमुखता से उठाई गई थी। जिसके बाद उन्होंने तय समय सीमा में सभी रिक्त स्थानों पर नियुक्तियों की बात कहीं थी। इसी पर अब अमल शुरू हो गया है। भाजपा जिला संगठन ने सभी शासकीय समितियों में भाजपा सदस्यों की नियुक्तियों की लिस्ट बनानी शुरू कर दी है और माना जा रहा है कि नवरात्र में ही इसकी घोषणाएं कर दीं जाएंगी।
अंत्योदय और जेल समितियां शीघ्र
भाजपा सूत्रों की मानें तो जिला अंत्योदय समिति और जिला जेल समितियों की घोघणा भी शीघ्र हो सकती हैं। इसके लिए भाजपा ने नामों की सूची पहले तैयार की थी, लेकिन कुछ आपत्तियों के कारण इसे फाइनल नहीं किया अब फिर से लिस्ट के लिए मंथन जारी है। अंत्योदय समिति में एक अध्यक्ष सहित 6 सदस्य तथा जेल समिति में दो सदस्यों की नियुक्तियां की जानी हैं जो जल्द ही घोषित हो सकती हैं।
संगठन कर रहा रिपोर्ट कार्ड तैयार
भाजपा संगठन पिछले कुछ समय से सभी पदाधिकारियों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर रहा है। यह रिपोर्ट कार्ड जिला पदाधिकारियों के अब तक के कामकाज को देखकर तैयार किया जा रहा है। कुछ पदाधिकारियों पर विभिन्न आरोप भी लगे हैं जिन्हें संगठन ने काफी गंभीरता से लिया है और अब इसी सब का निचोड़ यह कि जल्द ही संगठन की सर्जरी की जाएगी। भाजपा ने चुनाव के पहले अपने सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने का मन बना लिया है लिहाजा अब व्यक्ति एक  पद के सिद्धांत पर सख्ती से अमल करने जा रही है। ऐसे में साफ है कि कई ऐसे पदाधिकारी हैं दो दो-पदों पर आसीन है। स्वाभाविक है कि इन्हें अब किसी एक पद में ही अपना दायित्व का निर्वहन करना पड़ेगा। इसके बाद कई ऐसे पद अब खाली हो जाएंगे जहां सक्रिय भाजपाईयों को सेट कर दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार कुछ समय पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद मिश्रा ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए साफ किया था कि एक व्यक्ति एक पद की अवधाराणा के तहत ही नियुक्तियां होनी चाहिए।
तीन एल्डरमैन पर गिर सकती है गाज
सूत्रों के अनुसार नगर निगम के तीन एल्डरमैन को हटा कर इनके स्थान पर किसी अन्य की नियुक्ति की जा सकती है इसके लिए भाजपा ने नामों को छांटना शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार पार्टी में तीन एल्डरमैन की अब तक का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया गया है जिसमें उनकी निष्क्रियता सामने आ रही है। अनुभव के आधार पर भी कार्यों का विश्रेषण किया गया है। चूंकि यह मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है लिहाजा पार्टी इस पर संज्ञान लेकर तीन एल्डरमैन को अब संगठन की जिम्मेदारी देने का मन बना चुकी है। 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button