HOMEMADHYAPRADESH

कांग्रेस विधायक की रिवाल्वर की जांच हो, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो: विष्णुदत्त शर्मा

मुंगेरीलाल की तरह सपने देख रहे कमलनाथ

भोपाल। कांग्रेस के विधायक सुनील सर्राफ ने जिस तरह से एक कार्यक्रम में रिवाल्वर से फायर कर के गुंडागर्दी की है, उसकी जांच होनी चाहिए। यह पता लगाया जाना चाहिए कि वह रिवाल्वर वैध है या अवैध। अगर इनकी रिवाल्वर लायसेंसी है, तो जिस प्रकार से उसे लहराकर विधायक ने गोली चलाई है, इनका लायसंस रद्द होना चाहिए। इसके बाद उन पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। यह पहला केस नहीं है, इससे पहले एक बहन इनके खिलाफ ट्रेन में बदतमीजी और अभद्रता करने की एफआईआर दर्ज करा चुकी है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कही।

मुंगेरीलाल की तरह सपने देख रहे कमलनाथ

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के भावी मुख्यमंत्री वाले पोस्टर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सपने कोई भी देख सकता है और इसमें बुराई भी नहीं है। लेकिन मुख्यमंत्री कौन बनेगा, सरकार किसकी बनेगी? ये प्रदेश की जनता तय करती है। कमलनाथ की सरकार जब गिरी थी, तो उसके बाद प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे। उन चुनावों में जनता ने कांग्रेस को, कमलनाथ जी को और दिग्विजय सिंह जी को आइना दिखा दिया था। बता दिया था कि प्रदेश की जनता क्या चाहती है। श्री शर्मा ने कहा कि जनता ने उन्हें हर चुनाव में आईना दिखाया है, लेकिन अगर वे नए साल में भी मुंगेरीलाल की तरह सपने देख रहे हैं, तो ठीक है।

चुनावी साल में शुरू होगा कार्यविस्तार योजना का दूसरा चरण

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि यह चुनावी वर्ष है। बीते साल हमने बूथ विस्तारक योजना में बूथों को डिजिटल बनाया था। अब इस कार्यविस्तार योजना का दूसरा चरण शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमने प्रत्येक बूथ को मजबूती दी है और तकनीकी के दौर में बूथ को डिजीटल बनाया। अब हम सुघोष के माध्यम से 1070 मंडलों के प्रत्येक बूथ पर सोशल मीडिया और आईटी विभाग के युवा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कर रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि हमारी टीम ने जो मेहनत की है, उसके कारण आज हम आईटी के क्षेत्र में पूरे भारत में अग्रणी स्थान पर हैं। तकनीकी, गरीब कल्याण की योजनाओं और संगठन तंत्र के कार्यविस्तार के साथ भाजपा प्रत्येक बूथ के सुदृढ़ीकरण के लिए आगे बढ़ रही है। नई कार्यविस्तार योजना में हम प्रत्येक बूथ पर पन्ना प्रमुख और पन्ना समिति बनाकर संगठनात्मक कार्य को सुदृढ़ बनाने का प्रयास करेंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button